February 26, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

नर्सरी बिजनेस : कम लागत में घर बैठे करें लाखों की कमाई, जानिए कैसे करें शुरुआत

उड़ान डेस्क। आधुनिक जीवनशैली और बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच पौधों की अहमियत और मांग लगातार बढ़ती जा रही है। लोग अपने घर, ऑफिस, बालकनी और छतों को हरा-भरा बनाना चाहते हैं। घर के आसपास खुली जगहों या छत पर मिनी गार्डनिंग का चलन भी बढ़ रहा है। जो लोग कम लागत में स्थायी बिजनेस की प्लानिंग कर रहे हैं, उनके लिए नर्सरी बिजनेस सुनहरा मौका हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जो प्रकृति से प्रेम करते हैं और हरियाली के बीच रहना चाहते हैं।
छोटे रूप में कर सकते हैं शुरुआत
नर्सरी बिजनेस आप शहर या गांव, किसी भी जगह से शुरू कर सकते हैं और धीरे-धीरे इसे स्थायी रूप से बड़े मुनाफे में बदल सकते हैं। आप इसे घर के आंगन, छत या छोटे प्लॉट में भी शुरू कर सकते हैं। इसके लिए बहुत अधिक पूंजी, बड़ी दुकान या टीम की जरूरत नहीं होती है।
कैसे शुरू करें शुरुआत
नर्सरी बिजनेस मुख्यत: सजावटी पौधों, औषधीय पौधों, फलदार पौधों या सब्जियों के पौधों से आप शुरुआत कर सकते हैं। आपको अपनी जगह, मौसम और बाजार की मांग के अनुसार पौधों का चयन करना होगा। एक छोटी जगह (300 से 500 वर्ग फुट) भी इस बिजनेस के लिए काफी होती है। इसके लिए आप किराए पर या अपने घर के स्थान का उपयोग कर सकते हैं। यह कम लागत वाला बड़ा स्टार्टअप बन सकता है।
इन चीजों की होगी जरुरत
नर्सरी बिजनेस के लिए गमले, पॉलीबैग्स, मिट्टी, खाद, बीज या कटिंग्स की जरूरत होती है। इसके अलावा पानी की सुविधा, छांव के लिए नेट (ग्रीन नेट), कुछ उपकरण जैसे कुदाल, फावड़ा, कैंची आदि भी चाहिए। इस बिजनेस को कम से कम लागत में शुरु किया जा सकता है।
जरूरी लाइसेंस और ट्रेनिंग
अगर आप बड़े स्तर पर बिजनेस कर रहे हैं, तो आपको स्थानीय नगर निगम से ट्रेड लाइसेंस, और नर्सरी पंजीकरण (कुछ राज्यों में अनिवार्य) कराना पड़ सकता है। हालांकि, छोटे स्तर पर घर से शुरू करने पर इसकी बहुत जरूरत नहीं होती। आप कृषि विज्ञान केंद्र, राज्य कृषि विभाग या इंडियन कांउसिल ऑफ एग्रीकल्चर रिसर्च जैसी संस्थाओं से गार्डनिंग का बेसिक प्रशिक्षण ले सकते हैं। इयये आपको पौधों की सही देखभाल, ग्राफ्टिंग, और उन्नत विधियों की जानकारी मिल जाएगी।
पौधों की देखभाल और तैयार करना
पौधों की देखभाल सबसे जरूरी चरण है। आपको नियमित रूप से पानी देना, कीटनाशकों का छिडक़ाव करना और पौधों को समय-समय पर धूप/छांव में रखना होता है। अच्छे और स्वस्थ पौधे ही बाजार में बिकते हैं, इसलिए गुणवत्ता से कोई समझौता न करें। हर पौधे को उसकी प्रकृति के अनुसार संभालना होता है। जैसे कि मनी प्लांट और स्नेक प्लांट छांव में अच्छे रहते हैं, जबकि तुलसी या गुलाब को अच्छी धूप चाहिए।
कहां बेच सकते हैं पौधे?
ऑफलाइन बाजार : आप अपने घर के बाहर छोटी नर्सरी लगाकर स्थानीय ग्राहकों को बेच सकते हैं। इसके अलावा आप हाट बाजार, वीकली मंडियों, टेंपररी गार्डन मेलों और फ्लॉवर शोज़ में भी स्टॉल लगाकर बिक्री कर सकते हैं। स्थानीय बागवानी दुकानों, स्कूलों और ऑफिसों से भी संपर्क कर सकते हैं।
ऑनलाइन बाजार : आजकल कई लोग ऑनलाइन भी पौधे खरीदते हैं। आप Facebook Marketplace, WhatsApp ग्रुप, OLX और Quikr जैसे प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा Amazon, Flipkart, Plantshop.in, NurseryLive जैसी वेबसाइटों पर भी अपनी नर्सरी को लिस्ट कर सकते हैं। इसके अलावा यदि आप खुद की वेबसाइट या इंस्टाग्राम पेज बनाते हैं तो आप सीधे ग्राहकों तक पहुंच सकते हैं और ब्रांड बना सकते हैं।

नर्सरी बिजनेस एक ऐसा कारोबार है जिसमें कम लागत में भी आप अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। यदि मेहनत और धैर्य के साथ यह बिजनेस किया जाए तो यह आय का स्थायी जरिया भी बन सकता है।

Spread the love