भोपाल। शहर में आस्था, भक्ति और सामाजिक संदेशों का अद्भुत संगम आज देखने को मिलेगा, जब जय माँ भवानी सेवा समिति द्वारा 521 मीटर लंबी विशाल चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। प्रवक्ता राजेश राय ने बताया कि यह भव्य धार्मिक आयोजन अपने सफलता के 10वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जो इसे और भी विशेष बना रहा है। मंगलवार, 24 मार्च को शाम 4 बजे श्याम नगर (अरेरा पेट्रोल पंप के पीछे) से प्रारंभ होकर यह यात्रा चूना भट्टी स्थित माँ कालिका मंदिर तक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु विधि-विधान से माता रानी को चुनरी अर्पित करेंगे।
इस यात्रा की खास बात यह है कि इसमें शामिल दुर्गा स्वरूप कन्याएं हाथों में “पर्यावरण बचाओ”, “बेटी है तो कल है” जैसे प्रेरणादायक संदेशों की पट्टिकाएं लेकर सर्वजन कल्याण, सुख-समृद्धि और विश्व शांति का संदेश देंगी। भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहेगा।
यात्रा का मार्ग
यात्रा श्याम नगर से शुरू होकर हबीबगंज थाना, इंदिरा मार्केट, रविशंकर नगर, ऋषिनगर, मणिपुरम, ब्रह्मकुमारी आश्रम, एकांत पार्क, कोलार तिराहा, चूना भट्टी कॉलोनी होते हुए माँ कालिका मंदिर, चूना भट्टी पर पहुचेगी जहां विधि विधान के साथ माता को चुनरी अर्पित की जायेगी। तत्पश्चात आरती व प्रसादी वितरण होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष कौशल राय एवं प्रवक्ता राजेश राय ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति और युवा वर्ग भाग लेकर समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगे। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित शामिल होकर इस पुण्य अवसर का लाभ लें और आयोजन को सफल बनाएं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अनुपम चौकसे, डॉ. एल.एन. मालवीया, दांडे सर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। यह यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में जागरूकता, एकता और विश्व शांति का संदेश देने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगी।

Related Posts
ग्वालियर नगर निगम से मिल रही 50% छूट, संपत्ति कर जमा करने पर राहत, 31 मार्च के बाद नहीं मिलेगी सुविधा
उज्जैन में गरजा बुलडोजर! 16 अवैध निर्माण ध्वस्त, UDA की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप
आज हाईकोर्ट के जस्टिस करेंगे भोजशाला का निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए