- रांची में ओडिशा को 2–1 से हराकर महिला टीम ने बनाई खिताबी दावेदारी, झारखंड से फाइनल मुकाबला कल
- पुरुष टीम राजगीर में राष्ट्रीय मंच पर कर रही प्रदेश का प्रतिनिधित्व
भोपाल। 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 में मध्यप्रदेश महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में ओडिशा को 2–1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया है। वहीं दूसरी ओर 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 में प्रदेश की पुरुष टीम भी सशक्त खेल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। दोनों टीमों का प्रदर्शन प्रदेश की हॉकी प्रतिभा और प्रशिक्षण प्रणाली की मजबूती को दर्शाता है।
सेमीफाइनल में महिला टीम का शानदार प्रदर्शन
रोमांचक मुकाबले में मध्यप्रदेश की महिला टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम की ओर से पहला गोल नौसीन नाज़ ने किया, जिसने टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद केशर ने दूसरा गोल कर बढ़त को मजबूत किया। खिलाड़ियों ने पूरे मैच में संयम, तालमेल और रणनीति का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत सुनिश्चित की।
स्नेहा दवाड़े बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी Sneha Davade को उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनके खेल ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खिताब से एक कदम दूर
महिला टीम अब 12 अप्रैल 2026 को फाइनल मुकाबले में मेजबान झारखंड से भिड़ेगी। टीम का मनोबल ऊँचा है और खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास के साथ खिताब जीतने के लिए तैयार हैं।
महिला टीम—युवा जोश और प्रतिभा का संगम
मध्यप्रदेश महिला टीम में महक परिहार, साजेदा बेगम, शालिनी सिंह, रोली, स्नेहा दवाड़े, मानसी, प्रियंशी केश्त्रे, सुदीप्ता, नौसीन नाज़, केशर, गीताश्री, भाविका, जागृति, प्रियंशी भावर, आक्शा खान, सादफ खान, विभा सिंह एवं मुस्कान रघुवंशी जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया है।
पुरुष टीम भी राष्ट्रीय मंच पर कर रही प्रभावी प्रदर्शन

राजगीर (बिहार) में आयोजित प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश पुरुष टीम भी बेहतरीन तालमेल और कौशल का प्रदर्शन कर रही है। टीम में आयुष राजक (GK), आयुष सिंह लोधी, अनिल शुक्ला, अंश बाहुत्रा (कप्तान), अवि मणिकपुरी, अली गुफरान, रोनिन सिंह, सिद्धार्थ बेन, देवराज प्रजापत, करण गौतम, रायन उल हक, दीपक सिंह, गाजी खान, हर्षित धोटे (GK), जितेन्द्र कहार, आजाद सुल्तानी, कुणाल कावरे एवं नंदू सिंह शामिल हैं। सभी खिलाड़ी अकादमी से प्रशिक्षित होकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने महिला टीम को फाइनल में पहुंचने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही उत्कृष्ट खेल सुविधाओं का परिणाम है। उन्होंने पुरुष टीम को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों टीमें प्रदेश को गौरवान्वित कर रही हैं।
अकादमी का प्रशिक्षण बना सफलता की नींव
मध्यप्रदेश की हॉकी अकादमियों में आधुनिक प्रशिक्षण, फिटनेस प्रबंधन और अनुभवी कोचिंग के माध्यम से खिलाड़ियों को निखारा जा रहा है। यही कारण है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा
महिला और पुरुष दोनों टीमों का यह प्रदर्शन प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। यह सफलता न केवल हॉकी खेल को बढ़ावा दे रही है, बल्कि मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान भी दिला रही है।

Related Posts
CSK vs DC: संजू ने 5 साल बाद IPL में जड़ा शतक; चेन्नई ने दिया 213 रनों का लक्ष्य
वैभव सूर्यवंशी को लेकर BCCI में हलचल, IPL चेयरमैन बोले- ‘अब तो टीम इंडिया में मौका दो’
PBKS vs SRH: पंजाब किंग्स का धमाका, अय्यर-प्रियांश और प्रभसिमरन की ताबड़तोड़ पारी से लगातार तीसरी जीत