Bus Accident in Udhampur : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक बस के खाई में गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे राम नगर क्षेत्र में पहाड़ी सड़क पर एक खतरनाक मोड़ पर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोग सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे से घायलों को बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद पुलिस और अन्य आपातकालीन दल भी मौके पर पहुंच गए और पीड़ितों को सुरक्षित निकालने तथा स्थल को खाली कराने का अभियान तेज कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि वाहन के मलबे से कुल 15 शव बरामद किए गए जबकि 20 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें से कई की हालत ”गंभीर” बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब बस दूर-दराज के एक गांव से उधमपुर जा रही थी।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना के बाद उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की और कहा कि गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “रामनगर से उधमपुर जा रही एक बस के कानोटे गांव में एक घंटे से भी कम समय पहले हुए दुखद सड़क हादसे की जानकारी मिलने पर मैंने अभी-अभी उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की।”
उन्होंने कहा, ”तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया है। काफी लोगों के हताहत होने की आशंका है। हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा। गंभीर रूप से घायलों को हवाई मार्ग से ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।” सिंह ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और बचाव अभियान में शामिल भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लगातार संपर्क में हैं।

Related Posts
Delhi में PG का ढांचागत ऑडिट होगा अनिवार्य, accommodation के लिए बनेगी नई सुरक्षा नीति
सत्य निकेतन हादसे पर हाईकोर्ट सख्त : MCD और DU को भी ठहराया जिम्मेदार; 10 दिन में मांगा जवाब
LPG Cylinder Booking : 45 दिन वाला इंतजार खत्म, अब 25 दिन में बुकिंग कर सकेंगे अगला सिलेंडर