सिरसा.
शादी समारोह में दुल्हन की विदाई की फोटोग्राफी कर रहे एक कैमरामैन को बीच सड़क खड़ा होना भारी पड़ गया। सोमवार सुबह दिल्ली पुल के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैमरामैन कई मीटर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक मनजीत सिंह अपने परिवार में माता-पिता और एक छोटे भाई के साथ रहता था। वह फ्रीलांसर फोटोग्राफर के तौर पर काम कर परिवार का खर्चा चला रहा था। जानकारी के अनुसार रानियां क्षेत्र के गांव अभोली निवासी 28 वर्षीय मनजीत सिंह फ्रीलांसर फोटोग्राफर के तौर पर काम करता था। सोमवार सुबह वह दिल्ली पुल के पास स्थित एक होटल में आयोजित विवाह समारोह में दुल्हन की विदाई के दौरान फोटो व वीडियो बना रहा था।
विदाई के बाद बेहतर एंगल लेने के लिए वह हाईवे के बीच सड़क पर खड़ा होकर फोटोग्राफी कर रहा था। इसी दौरान सिरसा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मनजीत सिंह हवा में उछलकर कई मीटर दूर जाकर सड़क पर गिर पड़ा। टक्कर के बाद कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर रुक गई। मौके पर मौजूद लोगों व कार चालक ने मनजीत सिंह को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। बाद में स्वजन के बयान के आधार पर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कार चालक और वाहन को सिविल लाइन थाना ले जाकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता हरजिंद्र के बयान पर रिट्ज कार चालक फतेहाबाद के शक्तिनगर निवासी संदीप कुमार के खिलाफ तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। हादसे की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कैमरामैन हाईवे के बीच खड़ा होकर फोटो ले रहा है। इसी दौरान तेज रफ्तार कार उसे टक्कर मार देती है और वह उछलकर दूर जा गिरता है। यह वीडियो दिनभर इंटरनेट मीडिया पर वायरल होता रहा।

Related Posts
30 अप्रैल तक 100% फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य, जायद 2026 के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे की तैयारी तेज
10 दिनों में 6.39 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग, दुर्गम अंचलों तक पहुंचीं टीमें; हजारों मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार
माताओं-बहनों को सर्वोपरि रखने की है हमारी संस्कृति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव