September 6, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

जबलपुर बरगी डैम हादसा : अचानक आया तूफान और डूब गया पर्यटकों से भरा क्रूज, जानिए लेटेस्ट अपडेट

Bargi Dam accident : मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब तेज तूफान के बीच पर्यटकों से भरा क्रूज पलटकर पानी में डूब गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई. SDRF और प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय क्रूज नर्मदा नदी के बैकवाटर में मौजूद था. इस बीच तभी अचानक मौसम बदला गया और तेज हवाओं के साथ तूफान आने लगा. तूफान इतना जबरदस्त था कि क्रूज अपना संतुलन खाेने लगा और कुछ ही समय में पानी में पलट गया.

जानकारी के अनुसार, क्रूज पर करीब 29 लोग सवार थे, इनमें से करीब 15 लोग तैरकर बाहर निकल आए हैं. चार लोगों के शव मिलने की खबर है, वहीं लापता लोगों का रेस्क्यू जारी है. पानी के भीतर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. प्रशासन ने पूरे इलाके में चौकसी बढ़ा दी है. घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय मौके पर पहुंच गए,  दोनों अधिकारी रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं

जानिए बरगी डैम के बारे में…

बरगी बांध एक प्रमुख बहुउद्देशीय बांध है, जो कि ‘रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना’ का हिस्सा है. साल 1990 में बना बरगी बांध नर्मदा नदी पर बने 30 प्रमुख बांधों में से एक है. इसका मुख्य इस्तेमाल सिंचाई, जल आपूर्ति और 90 मेगावाट बिजली उत्पादन के लिए किया जाता है.

बरगी बांध जबलपुर जिले से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित है. इसकी ऊंचाई 69 मीटर है, जबकि यह 5.4 किलोमीटर में फैला हुआ है. यह बांध सिर्फ सिंचाई, जल आपूर्ति या फिर बिजली उत्पादन के काम ही नहीं आता है, बल्कि ये एक प्रमुख पर्यटन स्थलों में से भी एक है. यहां कई वाटर एक्टिविटी जैसे बोटिंग, क्रूज और वाटर स्पोर्ट्स की भी सुविधा उपलब्ध है. बड़े पैमाने पर हर समय बरगी बांध पर पर्यटकों का तांता लगा रहता है.

Spread the love