अमृतसर.
पंजाब में अभी बारिशों का दौर थमा नहीं है। 3 जून से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है, जबकि पांच जून तक राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार चार जून को सबसे अधिक जिलों में चेतावनी जारी की गई है।
सोमवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में लगभग 2.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य से करीब 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहा। राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तर की हवाओं के प्रभाव से आगामी दिनों में मौसम सक्रिय रहेगा। इससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
बठिंडा को छोड़ सभी शहरों का तापमान 40 से नीचे
सोमवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान बठिंडा क्षेत्र में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पठानकोट में 37.4, बठिंडा शहर में 37.0, फरीदकोट में 37.0, फिरोजपुर में 36.7, अमृतसर में 36.3, चंडीगढ़ में 36.0, पटियाला में 35.8, लुधियाना में 35.6, गुरदासपुर में 34.5, मोहाली में 34.8, रूपनगर में 33.9 और नवांशहर में 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
जानें कैसा रहेगा पंजाब का मौसम
2 जून : पूरे पंजाब में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है। अधिकांश जिलों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं है। हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं और शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव महसूस हो सकता है।
3 जून : अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा, मानसा, बरनाला और संगरूर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
4 जून : मौसम विभाग ने अधिकांश जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा, मानसा, मोगा, बरनाला, संगरूर और लुधियाना सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
5 जून : मौसम की गतिविधियां कुछ कम हो जाएंगी। गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक तथा तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। बाकी अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

Related Posts
नैनो तकनीक से जिले के कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव: खेतों में नैनो यूरिया और डीएपी का सफल प्रयोग
पंजाब में भीषण गर्मी का कहर, 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान; तीन दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना बनी बच्चे के लिए भरोसे की साथी