June 8, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

पंजाब में AAP सरकार का ‘मिशन क्लीन’ शुरू, निगम कमिश्नर से लेकर अफसर तक रोज करेंगे सफाई की निगरानी

चंडीगढ़ 
पंजाब की मान सरकार ने मिशन क्लीन पंजाब की शुरुआत की है। कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पंजाब को साफ-सुथरा बनाने के लिए बड़ी मुहिम की शुरुआत की। बैंस ने कहा कि हर रोज सुबह 7:00 से 8:00 बजे तक सफाई होगी। वीडियो कॉल के जरिए इंस्पेक्शन की जाएगी। चंडीगढ़ में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। सीनियर अधिकारी रोजाना फील्ड में मौजूद रहकर मुहिम चलाएंगे।

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने मिशन क्लीन, पंजाब शुरू किया है। इसमें सुबह एक घंटे मंत्री और सीनियर अफसर सड़क पर उतरकर सफाई कराएंगे। राज्य के लोकल गवर्नमेंट मंत्री हरजोत बैंस ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इसके लिए हेड ऑफिस में वार रूम बनाया है। शहरों में सभी कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर, ADC और ईओ सबको फील्ड पर उतरना होगा।

इसके बाद हर हफ्ते इसकी रैंकिंग करेंगे कि कौन सा शहर सफाई में कैसा रहा। मंत्री बैंस ने सोमवार सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए राज्य के सभी निगम कमिश्नरों और नगर काउंसिलों के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर्स (EO) की हाजिरी भी चेक की।

मंत्री हरजोत बैंस ने मुहिम की जमीनी हकीकत जानी: –

    बस स्टैंड के पास चेकिंग करती मिलीं लुधियाना निगम कमिश्नर: मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस पूरी मुहिम की जमीनी हकीकत जानने के लिए कई अफसरों से वीडियो कॉल पर लाइव लोकेशन दिखाने को कहा। जब मंत्री ने लुधियाना नगर निगम की कमिश्नर डॉ. नीरू कात्याल गुप्ता को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कनेक्ट किया, तो वह उस समय बस स्टैंड के पास सफाई व्यवस्था की जांच कर रही थीं।

    लुधियाना के चारों जोनों के जोनल कमिश्नर भी फील्ड में: निगम कमिश्नर डॉ. गुप्ता ने मंत्री को बताया कि लुधियाना के चारों जोनों के जोनल कमिश्नर भी इस वक्त फील्ड में हैं और शहर के अलग-अलग हिस्सों में सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। मंत्री बैंस ने स्पष्ट किया कि सभी हेड्स को इस मुहिम के बारे में पहले ही गाइडलाइंस जारी कर दी गई थीं, जिसका अब सख्ती से पालन शुरू हो गया है।

    मंत्री रोजाना करेंगे वीसी से हाजिरी चेक, खुद ग्राउंड पर उतरेंगे: मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि वो रोजाना सुबह सात से आठ बजे अफसरों की फील्ड हाजिरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चेक करेंगे। यही नहीं वो खुद भी और स्थानीय निकाय विभाग के सीनियर अफसर फील्ड में जाकर अफसरों की लोकेशन भी चेक करेंगे। इस एक्सरसाइज का मकसद शहरों को साफ सुथरा रखना है।

    लुधियाना में अफसरों की जिम्मेदारी तय: इस मुहिम को अमलीजामा पहनाने के लिए नगर निगम लुधियाना ने रणनीति तैयार की है। शहर में एक बड़ा और व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू किया जा रहा है, जिसके तहत पूरे शहर को 10-10 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच में बांट दिया गया है। प्रत्येक 10 किलोमीटर के दायरे में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक नोडल अफसर को जिम्मेदारी दी है।

    संबंधित अधिकारी की सीधी जिम्मेदारी होगी: नगर निगम कमिश्नर नीरू कत्याल ने बताया कि अफसरों को रोजाना अपने निर्धारित क्षेत्र में सड़क किनारे पड़े मलबे (रूटीन वेस्ट) को हटाना, सीवर ब्लॉकेज को तुरंत दूर करना और सड़कों व खाली प्लॉटों से कूड़े-कचरे की मुकम्मल सफाई करवाना संबंधित अधिकारी की सीधी जिम्मेदारी होगी।

    कमिश्नरों को अपने-अपने जोन में कड़ी नजर रखने की हिदायत: इस पूरी व्यवस्था की निगरानी और विभागों के बीच आपसी तालमेल बनाए रखने के लिए ज्वाइंट कमिश्नर विनीत कुमार को ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया गया है। वहीं, जोनल कमिश्नरों को अपने-अपने जोन में कड़ी नजर रखने की हिदायत दी गई है।

बुड्ढा दरिया और निचले इलाकों पर फोकस

स्वच्छता अभियान के साथ-साथ नगर निगम का पूरा जोर आगामी मानसून की तैयारियों पर भी है। कमिश्नर डॉ. नीरू कात्याल गुप्ता ने बताया कि बारिश के दिनों में शहर के लोगों को जलभराव या सीवरेज की समस्या न आए, इसके लिए एडवांस अरेंजमेंट किए जा रहे हैं।

विशेष रूप से शहर के निचले इलाकों और बुड्ढा दरिया के आस-पास के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बाढ़ या पानी ओवरफ्लो होने जैसी स्थिति से निपटा जा सके। संबंधित विंग के अधिकारियों को मानसून से पहले सभी ड्रेनेज और सीवर लाइनों की सफाई मुकम्मल करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

कोताही बर्दाश्त नहीं, कभी भी हो सकता सरप्राइज विजिट
नगर निगम कमिश्नर डॉ. गुप्ता ने अधिकारियों को चेताया है कि वे कागजी कार्रवाई के बजाय ग्राउंड रिपोर्ट पर ध्यान दें। उन्होंने साफ किया कि आने वाले दिनों में वे खुद और निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शहर के अलग-अलग हिस्सों में औचक निरीक्षण करेंगे। 
कमिश्नर ने कहा कि

साफ-सफाई के मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी भी अधिकारी के अलॉटेड 10 किमी के एरिया में कोई कमी, गंदगी या सीवर जाम की समस्या पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और वही अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार माना जाएगा।

जनता से अपील-खाली प्लॉटों में कचरा न फेंकें
महाअभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम कमिश्नर ने लुधियाना के निवासियों से भी भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपनी तरफ से पूरी ताकत लगा रहा है, लेकिन शहर तभी साफ रह सकता है जब जनता का सहयोग मिले। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे खुले क्षेत्रों, सड़कों के किनारे या खाली पड़े प्लॉटों में कचरा और कबाड़ न फेंकें।

Spread the love