दिल्ली कैपिटल्स ने एक ट्रेड डील में ऋषभ पंत को वापस टीम में शामिल कर लिया है। उनकी जगह कुलदीप यादव को पंत की पुरानी टीम लखनऊ सुपर जाइंट्स ने ट्रेड डील के तहत खरीदा है। इस डील के साथ ही पंत की सैलरी में अब भारी गिरावट देखने को मिली है। पंत जिन्होंने LSG की कप्तानी की है, उन्हें नीलामी 27 करोड़ में खरीदा गया था जो अब तक की सबसे भारी भरकम बोली थी। लेकिन दिल्ली टीम में वापस लौटे पंत को अब सिर्फ 15 करोड़ रुपए ही मिलेंगे।
लखनऊ 2025 और 2026 दोनों सीजन में प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई और पंत कभी भी बल्ले से अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे। उन्होंने पहले सीजन में 13 पारियों में 24.45 की औसत से 269 रन बनाए। एक साल बाद उन्होंने 312 रन बनाए, लेकिन ये आंकड़े भी उस उम्मीद से कम थे जो फैंस ने भारत के सबसे आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाजों में से एक से लगाई थी।
IPL 2026 के खत्म होने के बाद पंत ने कप्तानी छोड़ दी और उनके इस्तीफे को भी मंजूर कर लिया गया था जिसके बाद से ही पंत के दिल्ली कैपिटल्स में वापसी की खबरें आती रही और अब इन पर मोहर भी लग चुकी है। पंत के लिए दिल्ली IPL टीम से कहीं ज़्यादा है। यहां वह एक प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी से भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में से एक बने।
पंत ने दिल्ली के लिए 2016 से 2024 के बीच 9 सीजन बिताए और 111 मैच खेले जो DC के किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे ज़्यादा मैच हैं। लगभग एक दशक तक फ्रैंचाइजी के अहम चेहरों में से एक रहे पंत ने 2021 से 2024 तक चार सीजन में 43 मैचों में टीम की कप्तानी भी की। दो मुश्किल सालों के बाद पंत IPL 2027 में फिर से दिल्ली की जर्सी पहनेंगे।

Related Posts
FCRA नियम हुए सख्त : विदेशी चंदा लेने वाली धार्मिक संस्थाओं के लिए नई गाइडलाइन
महाराष्ट्र में UCC लागू करने की तैयारी, सरकार ने दी समिति गठन को मंजूरी
लापरवाह ठेकेदारों पर एक्शन की तैयारी, राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने ब्लैक लिस्ट करने के दिए निर्देश