Udaan Publicity : मध्यप्रदेश के मैहर जिले में स्थित इच्छापूर्ति मंदिर अपने आप में अनूठा, दिव्य और अलौकिकता समेटे हुए है। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर परिसर तक सबकुछ आकर्षक और मन को मोह लेने वाला है। यहां पहुंचकर आप ना सिर्फ मां का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे, बल्कि एक दिव्य शांति की अनुभूति भी आपको मिलेगी। मंदिर में मां देवी दुर्गा की भव्य और आकर्षक मूर्ति विराजमान है, जिसके दर्शन और सच्चे मन से की गई इच्छापूर्ति की प्रार्थना मां अवश्य ही पूरा करती हैं।
मैहर मुख्य नगर से महज 9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह मंदिर आदि शक्ति मां देवी दुर्गा को समर्पित है, जिसका निर्माण केजेएस सीमेंट कंपनी ने अपने फैक्ट्री के परिसर के अंदर ही करवाया है। यहां प्रवेश नि:शुल्क है, मंदिर के अंदर फोटोग्राफी करना मना है।
शाम होते ही रोशनी से नहा उठता है मंदिर
इच्छापूर्ति मंदिर की खास बात जो इसे अलग और आकर्षक बनाती है, वह है रोशनी की जगमगाहट। जिसकी अनोखी रंग-बिरंगी झलक पाने के लिए शाम होते ही यहां भक्तों और पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ता है। सूरज ढलते ही पूरा मंदिर और और परिसर रोशनी से जगमगा उठता है, जिसका नजारा दूर से ही देखा जा सकता है। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते हैं।
खूबसूरती ऐसी की देखते ही बनती है
इच्छापूर्ति मंदिर की आकर्षक डिजाइन और मंदिर परिसर के आसपास बने गार्डन की खूबसूरती ऐसी है कि इसे देखकर आपका मन और दिल दोनों खुश हो जाएंगे। हरे-भरे पौधे, फूल से लदे पौधे और चारों तरफ बिखरी हरियाली आपका मन मोह लेगी। आपको यहां आस्था, भक्ति और पर्यटन का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। व्यवस्थाएं ऐसी चाक चौबंद हैं कि आप यहां हमेशा सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की नजर पर बने रहते हैं। साफ-सफाई और स्वच्छता इसकी खास पहचान है। मंदिर के अंदर पूजन सामग्री तक ले जाना मना है। मैहर वाली मां शारदा देवी मंदिर के दर्शन करने जाने वाले भक्त इस मंदिर की भव्यता देखने और माता के दर्शन करने के लिए जरूर पहुंचते हैं। आप जब भी मैहर जाएं तो इच्छापूर्ति मंदिर जरूर जाएं।

Related Posts
मूलांक 9 भविष्यफल, करियर में मिलेगी उड़ान, लेकिन अनजानों से रहें सावधान
आज का राशिफल 31 मार्च 2026: मेष से मीन तक, जानें किसका साथ देगा भाग्य और कैसे रहेगा आपका दिन
अप्रैल में दो एकादशी व्रत: वरुथिनी और मोहिनी एकादशी की तारीख व शुभ मुहूर्त जानें