February 27, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

‘कैलाश’ की राह ‘तुलसी’ : सवाल पूछने पर तिलमिलाए मंत्री सिलावट, ​फिर मांग ली माफी

राजनीतिक संवाददाता, भोपाल

जुबान पर नियंत्रण खो देने के मामले में अभी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को दस जगह जवाब देते फिरना पड़ रहा है। वहीं, इसी खता के लिए मंत्री विजय शाह को अदालत की दहलीज तक चढ़ना पड़ा है, ऐसे में सरकार के एक और मंत्री तुलसी सिलावट ने मीडिया से बदसलूकी कर दी है। हालांकि, बाद में उन्होंने इस बात के लिए माफी मांग कर अपने शब्द वापस ले लिए हैं। मामला ग्वालियर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुआ। मीडिया का सवाल था, आप तभी ग्वालियर में क्यों दिखाई देते हो, जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दौरे पर होते हैं।

मीडिया की इस बात पर सिलावट भड़क गए और बोले, मुझे किसी को जवाब देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका हिसाब किताब उनकी पार्टी, उनसे लेगी, उन्हें मीडिया के सामने सब कुछ बताने की जरूरत नहीं है। गुस्से में मंत्री सिलावट बोले कि आप मुझे निर्देश नहीं दोगे, भाषा का सही इस्तेमाल करो, ये पूछने का अधिकार किसी को नहीं देता हूं।

बाद में मांगी माफी

सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद मंत्री सिलावट ने यूटर्न ले लिया। उन्होंने अपने कहे पर मीडिया से माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि वे अपने शब्द वापस ले रहे हैं, उनका कोई गलत इरादा नहीं था।

विजयवर्गीय-शाह उलझे हैं

 

शब्दों पर नियंत्रण न रख पाने की वजह से प्रदेश की भाजपा सरकार के दो मंत्री पहले ही उलझे हुए हैं। मंत्री विजय शाह ने आवेश में आकर एक महिला सैन्य अधिकारी सोफिया कुरैशी के खिलाफ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसकी वजह से जहां उन्हें लोगों की लानत मलानत झेलना पड़ी, वहीं संगठन और सरकार की सुनना पड़ी है। इधर, इस मामले में कोर्ट ने स्वसंज्ञान लेकर मामले पर कार्यवाही शुरू की है। इस मामले में अभी अदालत की कार्यवाही जारी है। मंत्री शाह इस मामले को लेकर 4 बार सार्वजनिक माफी मांग चुके हैं।

इधर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर में हुए भागीरथपुरा मामले में मीडिया से बदजुबानी कर चुके हैं। उनके इस व्यवहार को सोशल मीडिया और मीडिया में खूब उछाला गया। जिससे उन्हें भोपाल से लेकर दिल्ली तक जवाब देना पड़ गया है।

Spread the love