- युवा पीढ़ी को ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का बोध कराना जरूरी
- प्रकृति के साथ संतुलन ही हमारी संस्कृति की महानता
- नव संवत्सर में है वैज्ञानिक दूरदर्शिता
भोपाल
राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने बुधवार को गुड़ी पड़वा और हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) के शुभारंभ के अवसर पर “नूतन वर्ष आरंभ उत्सव” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने अपने संबोधन में हिंदू नववर्ष की वैज्ञानिकता, सनातन संस्कृति की महानता और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुड़ी पड़वा केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि ये वह समय है जब प्रकृति स्वयं नवजीवन का उत्सव मनाती है। हमारे ऋषियों ने नववर्ष का आरंभ उसी समय से किया जब प्रकृति नई ऊर्जा से भर जाती है, जो हमारे सनातन ज्ञान की वैज्ञानिक और सांस्कृतिक दूरदर्शिता का अद्भुत उदाहरण है।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि हमारी संस्कृति केवल मनुष्य नहीं, बल्कि समस्त सृष्टि के कल्याण की भावना से प्रेरित है। हमारी संस्कृति में पीपल, तुलसी, नदी और सूर्य को पूजनीय माना गया है, जो प्रकृति, पशु-पक्षियों और समस्त जीवों के प्रति हमारी करुणा को दर्शाता है। यह केवल हमारी आस्था नहीं है, बल्कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने की एक महान जीवन पद्धति है।
श्रीमती गौर ने कहा कि आज सबसे बड़ी आवश्यकता हमारी नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की है। युवाओं को गर्व के साथ यह बताना चाहिए कि वे उस महान सनातन परंपरा के वाहक हैं, जिसने पूरी दुनिया को “वसुधैव कुटुंबकम्” और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” का संदेश दिया।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कार्यक्रम के आयोजकों को इस भव्य उत्सव के लिए बधाई दी। उन्होंने विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर सभी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को सहेजते हुए समाज में एकता, सेवा और संस्कार की ज्योति को और अधिक प्रज्वलित करने का संकल्प दिलाया। ‘कृष्णा सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था’ की संरक्षिका होने के नाते राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने संस्था के पदाधिकारियों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि एक महिला संस्था के रूप में यह संगठन केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सावन महोत्सव और अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं की आत्मनिर्भरता, जागरूकता और सशक्तिकरण के लिए पूरे वर्ष निरंतर और सराहनीय कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य भारत प्रांत के संघ चालक श्री अशोक पांडे ने भी कार्यक्रम के आयोजन के लिए संस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। इसके लिए उन्होंने संस्था को शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

Related Posts
अफवाह से मचा हड़कंप: पंजाब में पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर उमड़ी भीड़, कई जगह स्टॉक खत्म
बिलासपुर में बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़: 19 साल का मास्टरमाइंड सहित 7 आरोपी गिरफ्तार
जिला न्यायालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी, तीसरी बार मेल से मचा हड़कंप