February 27, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

सिरसा आर्केस्ट्रा आर्टिस्ट मर्डर मामले में नए खुलासे, रात में जमकर पी शराब फिर बॉयफ्रेंड ने मार डाला

सिरसा.

आर्केस्ट्रा कलाकार सिमरन और उसके प्रेमी सुनील की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस को कुछ कॉल डिटेल मिली है। एक कॉल में सुनील, सिमरन को बर्बाद करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने सिमरन के मोबाइल का पासवर्ड उसके 11 वर्षीय बेटे से लेकर उसे खुलवाया। जिसके बाद इसका खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि सोमवार की रात को सिमरन अपने बेटे के साथ मूवी देखकर आई थी। इसके बाद वह कमरे में आई। उसने शराब का सेवन किया था। रात 12 बजे जब सुनील आया तो वह भी नशे में था। दोनों ने फिर से शराब पी। अधिक शराब पीने के कारण उन्होंने कमरे में उल्टियां भी की। सिमरन के अन्य युवक के संपर्क में आने के कारण उनमें झगड़ा हुआ। आशंका जताई जा रही है कि झगड़ा होने के बाद सुनील ने उसका गला दबाकर हत्या की। जिसके बाद उसने खुद भी कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।

गंजा था सुनील, पहनता था विग
शहर के कंगनपुर रोड पर एडवोकेट रजनीश बांसल के मकान में सुसाइड करने वाला जींद निवासी सुनील गंजा था। वह अपने गंजेपन को छुपाने के लिए वह विग का इस्तेमाल करता था। वह शराब का आदी था। सुनील के विग पहनने का खुलासा उस समय हुआ, जब बुधवार को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। तीन सदस्यीय चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड की निगरानी में हुई। पोस्टमार्टम के दौरान सिमरन के गले पर हाथ से दबाने के निशान मिलने से मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। हालांकि चिकित्सकों ने स्पष्ट किया है कि मौत का अंतिम कारण विसरा रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक जांच आने के बाद ही तय हो सकेगा। मृतका सिमरन के शव का पोस्टमार्टम फोरेंसिक एक्सपर्ट डा. रामकिशन दहिया, डॉ. शहबाज तथा गायनी विशेषज्ञ डा. सुषमा बिश्नोई की टीम ने किया। वहीं सुनील के शव का पोस्टमार्टम डॉ. रामकिशन दहिया, डॉ. शहबाज और डॉ. अनिल द्वारा किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।

घटनास्थल से मिला नोट, पुलिस नहीं कर रही पुष्टि
सूत्रों के अनुसार सीन ऑफ क्राइम टीम को घटनास्थल की जांच के दौरान एक नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें दोनों की मौत के लिए एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया गया है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि नोट की लिखावट, भाषा और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

मंगलवार सुबह कमरे में मिले थे शव
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह सिरसा के कंगनपुर रोड स्थित फौजी चौक के पास एडवोकेट रजनीश बांसल के मकान के एक कमरे में सिमरन और सुनील के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव स्वजन के हवाले कर दिए, जिसके बाद वे शवों को लेकर अपने-अपने गांव के लिए रवाना हो गए। शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि धारा 174 के तहत कारवाई की गई। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love