February 27, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

जनवरी में गाड़ियों की रिटेल सेल 18 प्रतिशत बढ़ी, ग्रामीण इलाकों में मांग बेहतर

नई दिल्ली। जनवरी महीने में देश में मोटर वाहनों की खुदरा बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। बिक्री सालाना आधार पर करीब 18 प्रतिशत बढ़कर 27 लाख से ज्यादा इकाई तक पहुंच गई। इसकी मुख्य वजह जीएसटी में बदलाव के बाद बाजार में आई तेजी, अच्छी फसल और शादी के मौसम के कारण ग्रामीण इलाकों में बेहतर नकदी प्रवाह तथा मालवाहन क्षेत्र में लगातार बनी मांग रही।

यह भी पढ़ें : बैंकों ने RBI से लगाई गुहार, लिक्विडिटी नियमों में ढील दी जाए

वाहन डीलरों के संगठन फाडा के मुताबिक, जनवरी में कुल खुदरा बिक्री 27,22,558 इकाई रही, जबकि जनवरी 2025 में यह आंकड़ा 23,14,940 इकाई था। यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री जनवरी में 5,13,475 इकाई रही, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 7 प्रतिशत ज्यादा है।

फाडा के अध्यक्ष सी. एस. विग्नेश्वर ने कहा कि वाहन बिक्री की असली रफ्तार अब बड़े शहरों से बाहर के इलाकों में दिख रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में यात्री वाहन बिक्री सालाना आधार पर 14.43 प्रतिशत बढ़ी, जबकि शहरी इलाकों में यह बढ़ोतरी सिर्फ 2.75 प्रतिशत रही।

इससे साफ होता है कि अब छोटे शहरों और गांवों में भी वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है। एसयूवी और कॉम्पैक्ट एसयूवी की बढ़ती पसंद, छोटी कारों की वापसी, बेहतर वाहन उपलब्धता और आकर्षक योजनाओं ने इस मांग को सहारा दिया है।

दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री जनवरी में 21 प्रतिशत बढ़कर 18,52,870 इकाई हो गई। विग्नेश्वर ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में पोंगल और मकर संक्रांति जैसे त्योहारों, शादी के मौसम और बेहतर वहनीयता के कारण बिक्री मजबूत रही। वहीं शहरी बाजारों में भी सुधार देखने को मिला है, जो यह संकेत देता है कि अब मांग सिर्फ त्योहारों तक सीमित नहीं है।

जनवरी में तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री में 19 प्रतिशत और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा ट्रैक्टर पंजीकरण भी सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 1,14,759 इकाई हो गया।

Spread the love