Shivraj Singh Chouhan : बिहार की राजनीति में मचे घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नए विधायक दल के नेता का चुनाव करने के लिए पार्टी ने केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) नियुक्त किया है. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि संसदीय बोर्ड ने ये निर्णय लिया है.

नीतीश कुमार के इस्तीफे की चर्चाओं के बीच शिवराज सिंह चौहान की यह नियुक्ति बेहद अहम मानी जा रही है. अब शिवराज सिंह चौहान पटना आकर भाजपा विधायकों के साथ बैठक करेंगे और मुख्यमंत्री पद या सरकार में पार्टी के नेतृत्व को लेकर रायशुमारी करेंगे. उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही बिहार भाजपा के नए नेता के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी.
कौन होगा अगला सीएम?
बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है. नीतीश कुमार के बाद नए चेहरे की तलाश के बीच डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम भी चर्चा में है. इसी बीच सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और नीतीश कुमार से मुलाकात की.
इस मुलाकात पर जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सम्राट चौधरी पहले भी अक्सर मुख्यमंत्री आवास आते रहे हैं. उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, ऐसे में नेताओं के बीच बातचीत होना बिल्कुल सामान्य बात है. इसे किसी खास संकेत के तौर पर नहीं देखना चाहिए.
मंत्रिमंडल पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई
नई सरकार और कैबिनेट गठन पर विजय चौधरी ने कहा कि अभी मंत्रिमंडल को लेकर कोई अंतिम चर्चा नहीं हुई है. उन्होंने साफ कहा कि कुछ दिनों में तस्वीर साफ हो जाएगी और लोगों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए. नीतीश कुमार के इस्तीफे के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि इसकी समय-सीमा जल्द सामने आ जाएगी.
मुख्यमंत्री के नए चेहरे पर विजय चौधरी ने कहा कि यह फैसला भारतीय जनता पार्टी को करना है. बीजेपी अपनी प्रक्रिया के तहत नाम तय करेगी, फिर एनडीए विधायक दल की बैठक में उस नाम पर मुहर लगेगी.

Related Posts
पुतिन का कूटनीतिक संदेश, मध्य पूर्व में राजनीतिक समाधान और शांति प्रयासों पर बल
सुप्रीम कोर्ट की 9 जजों की बेंच में सबरीमाला से जुड़े बड़े संवैधानिक सवालों पर सुनवाई
बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर पप्पू यादव का बड़ा दावा, सियासत में हलचल तेज