March 26, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

चित्रकूट में राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है एनएसएस: मंत्री परमार

भोपाल
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। मंत्री परमार गत दिवस चित्रकूट स्थित उद्यमिता विद्यापीठ के विवेकानंद सभागार में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ कर, स्वयं सेवकों को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री परमार ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं और अपने ज्ञान व ऊर्जा का उपयोग जनकल्याण के कार्यों में करें। युवाओं की भागीदारी से ही समाज और राष्ट्र के विकास को गति मिलती है। राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्र-छात्राएं समाज के कमजोर वर्गों की सहायता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य कर रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि 7 दिन की नियमित गतिविधियों के साथ ही स्वयंसेवक चित्रकूट के आध्यात्मिक वैभव और विरासत को भी जानने का प्रयास करें।

राष्ट्रीय सेवा योजना का यह शिविर 8 से 14 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं सहभागिता कर नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सेवा भावना से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर चित्रकूट विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, रीवा संभाग आयुक्त बी एस जामोद, संत जीवनदास महाराज, कुलगुरू अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा राजेन्द्र कुराडिया, कुलगुरू महात्मा गांधी चित्रकूट विश्वविद्यालय आलोक चौबे सहित प्रशासनिक अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

 

Spread the love