March 26, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

नहीं नजर आया चांद, आज होगा तीसवां रोजा, कल होगी ईदुल फितर

  • तैयारियों को अंतिम रूप देने उमड़ा शहर
  • काजी ए शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी पढ़ाएंगे ईदगाह में पहली नमाज

भोपाल। रमजान महीने का 29वा रोजा रखने के बाद गुरुवार शाम को आसमान में चांद देखने के लिए शहर मोती मस्जिद में जमा हुआ। साफ आकाश के बीच भी चांद ने अपनी आमद देकर ईदुल फितर की खुशियों का ऐलान नहीं किया। रूआते हिलाल कमेटी ने आसपास के बड़े शहरों और छोटे गांवों से भी इसकी तस्दीक की, लेकिन कहीं से भी ऐसी कोई खबर नहीं आई। जिसके बाद काजी ए शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी ने शनिवार को ईद का त्यौहार मनाए जाने का ऐलान कर दिया।

मोती मस्जिद में जमा हुए उलेमाओं और लोगों ने इस बात की तस्दीक कर दी कि गुरुवार को ईद का चांद दिखाई नहीं दिया है। जिसके बाद जहां गुरुवार को नमाज ए ईशा के बाद तरावीह की आखिरी नमाज अदा की गई। शुक्रवार को जुमा की नमाज अदा की जाएगी, जिसे जुमातुल विदा के रूप में मनाया जाएगा। यह जुमा इसलिए भी खास हो गया है कि इस रमजान महीने में पड़ने वाला यह पांचवा जुमा होगा।

नहीं थे इमकानात
रमजान महीने की शुरुआत 29वें चांद के साथ हुई थी, सऊदी अरब में भी बुधवार को चांद दिखाई नहीं दिया था। आमतौर पर सऊदी में ईद का त्यौहार भारत से एक दिन पहले मनाया जाता है। इन हालात को देखकर यह अंदाज लगाया जा रहा था कि भारत के आसमान पर भी ईद की खुशियों का पैगाम गुरुवार की बजाए शुक्रवार को ही नमूदार होगा। अब यहां शनिवार को चांद दिखाई नहीं देने पर भी ईद मना की जाएगी, कारण यह भी है कि शुक्रवार को महीने के 30 रोजे पूरे हो जाएंगे।

हुआ बाजारों का रुख
ईद की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शहर का रुख बाजारों की तरफ बढ़ गया। शहर के चौक बाजार, नदीम रोड, लखेरापुरा, जुमेराती, लक्ष्मी टॉकीज, बुधवारा, इतवारा, छावनी, जहांगीराबाद आदि बाजारों में पैर न रखने जैसे हालात बन गए। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस की यातायात विंग ने शहर में कई जगह बेरीकेटिंग भी कर दी, जिससे वाहनों की भीड़ से पैदल ग्राहकों को दिक्कत न हो।

अब क्षेत्रीय बाजारों का जोर
शहर के परम्परागत बाजारों के अलावा शहर में कई जगह नए बाजार भी आकार लेने लगे हैं। टीला जमालपुरा, सिंधी कॉलोनी चौराहा, निजामुद्दीन कालोनी, जहांगीराबाद और बाग के छोटे स्थाई बाजारों के अलावा शहर में कई जगह अस्थाई ईद बाजार भी इन दिनों सजे हुए हैं।

यह होगा नमाज का वक्त

  • ईदगाह– सुबह 7:30 बजे
  • जामा मस्जिद–सुबह 7:45 बजे
  • ताज-उल-मसाजिद – सुबह 8:00 बजे
  • मोती मस्जिद – सुबह 8:15 बजे
  • मस्जिद रब्बानी, एमपी नगर – सुबह 9:00 बजे

मसाजिद कमेटी की शहर को ताकीद
मसाजिद कमेटी भोपाल ने ईद की नमाज को लेकर शहर के नाम कुछ ताकीद की हैं। कमेटी के प्रभारी सचिव सैयद उवैस अली द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि ईदगाह से पहले किसी भी मस्जिद में नमाज ए ईद अदा नहीं की जाए।

  1. काजी साहब या रूआते हिलाल कमेटी की तस्दीक के बिना शहर में कहीं भी ईद की खुशियों के गोले न दागे जाएं।
  2. ईद की नमाज अदा करने से पहले सभी लोग अपना सदका ए फितर ₹70 प्रति व्यक्ति अदा करें।
  3. ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए लोग समय से पहले पहुंचे।
  4. अपने वाहन पार्किंग में निर्धारित स्थान पर लगाएं।
  5. व्यवस्था में लगे पार्किंग वालेंटियर्स को सहयोग करें।
Spread the love