March 25, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

हरियाणा में बदला मौसम: तेज हवाओं से बढ़ी ठंडक, अगले 6 दिनों तक बारिश के आसार

अंबाला.

मार्च के दूसरे पखवाड़े में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। दिन में हल्की गर्माहट के बावजूद सुबह और शाम की हवाओं ने शहरवासियों को हल्की ठंडक का एहसास कराया। शनिवार को न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम का मिजाज थोड़ा सुहावना हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक रहा। इससे पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया था। वहीं, अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा है। सुबह के समय वातावरण में 76 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई, जिसके कारण सुबह हल्की नमी और ठंडक महसूस हुई। दिन चढ़ने के साथ धूप निकली, लेकिन बीच-बीच में चलने वाली हवाओं ने गर्मी को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया। शाम के समय भी हवा चलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। 15 और 16 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने के साथ एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इसके बाद भी सप्ताह के दौरान मौसम में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।

अगले कुछ दिनों में हो सकती है तापमान में गिरावट
पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। 16 मार्च को अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के इस समय में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में ऐसे बदलाव सामान्य हैं। बादलों की आवाजाही और संभावित हल्की बारिश से दिन के तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है और मौसम में हल्की ठंडक बनी रह सकती है। शहर में शनिवार को सूर्यास्त शाम छह बजकर 30 मिनट पर हुआ, जबकि रविवार को सूर्योदय सुबह छह बजकर 35 मिनट पर होने का अनुमान है। आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश के चलते मौसम का मिजाज कुछ हद तक बदला-बदला रहने की संभावना है।

Spread the love