- कहीं—कहीं बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली गिरने की भी संभावना : मौसम विभाग
आज 4 अप्रैल को उत्तर भारत (दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी) में ओले गिरने और तेज आंधी का अलर्ट है। कश्मीर में भारी बारिश होगी। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी ओलों की चेतावनी है। अगले 5-7 दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहेगी, जिससे तापमान सामान्य बना रहेगा। अप्रैल की शुरुआत के साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत में दो के बाद एक दो ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) दस्तक दे रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर आज 4 अप्रैल और फिर 7 अप्रैल को देखने को मिलेगा।
बीते एक सप्ताह से खराब मौसम, आंधी और ओलावृष्टि के कारण ज्यादातर राज्यों में किसान चिंतित हैं, क्योंकि फसलें खराब हो रहीं हैं, वहीं खेतों में लगी फसलें भी बिछ गईं हैं। किसानों ने प्रशासन ने फसल नुकसानी का सर्वे कर मुआवजे की मांग की है।
दो पश्चिमी विक्षोभ का असर
इस हफ्ते लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, पहला 3 और 4 अप्रैल को पीक पर है, जबकि दूसरा 7 अप्रैल के आसपास असर दिखाएगा। इसी वजह से उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की स्थिति बनी हुई है। खासकर कश्मीर घाटी में 3 और 4 अप्रैल को भारी बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड से हिमाचल तक आज बारिश के आसार
उत्तराखंड में 4 अप्रैल को बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटा की हवाएं (60 तक झोंके) चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी आज 4 अप्रैल को ऐसा ही मौसम रहेगा। जम्मू-कश्मीर में 4, 7 और 8 अप्रैल को ओले गिर सकते हैं और 4 अप्रैल को भारी बारिश का अलर्ट है।
दिल्ली से पंजाब तक ओले गिरने की संभावना
उत्तर प्रदेश में 5 अप्रैल को बिजली गिरने का खतरा है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 4 अप्रैल को आंधी-तूफान का असर रहेगा। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 4 अप्रैल को 50-70 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि की भी आशंका है।
7 से 9 अप्रैल के बीच मौसम फिर से बदल जाएगा। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 7-8 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में बारिश होने के आसार हैं।
यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज मौसम अचानक बदल गया है। IMD ने कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में असर ज्यादा रहेगा, जबकि लखनऊ में मौसम सुहावना रह सकता है।
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में अलर्ट
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 से 7 अप्रैल तक बारिश और आंधी जारी रहेगी, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 3 और 4 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना है।छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले 5 दिनों तक बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 4 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में ओले गिर सकते हैं।
पश्चिम भारत का मौसम
मध्य महाराष्ट्र में 4 अप्रैल, मराठवाड़ा में 5 अप्रैल तक बारिश और गरज-चमक का असर रहेगा।
झारखंड-बिहार में गरज-चमक का दौर
झारखंड में 4 और 7 अप्रैल को बारिश होगी, जबकि 5-6 अप्रैल को ओलावृष्टि का खतरा है। तटीय पश्चिम बंगाल में 5, 6 और 8 अप्रैल को बारिश और 7 अप्रैल को तेज आंधी (50-70 किमी/घंटा) चल सकती है। हालांकि, तटीय पश्चिम बंगाल में 4 अप्रैल को गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। बिहार में 6-7 अप्रैल को ओले गिरने और 5-8 अप्रैल के बीच आंधी-तूफान का अलर्ट है। ओडिशा में अगले 5 दिनों तक मौसम खराब रहेगा।
पूर्वोत्तर में लगातार बारिश
अरुणाचल प्रदेश में 5 से 9 अप्रैल तक भारी बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में 5, 6, 7 अप्रैल को बारिश और 5-6 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 और 5 अप्रैल को बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का रहेगा जोर
केरल, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक में 3 से 7 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 4 से 7 अप्रैल, जबकि रायलसीमा में 5 से 7 अप्रैल तक बारिश का असर रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 अप्रैल तक बिजली गिरने का खतरा है।

Related Posts
पाकिस्तान की निकली हवा! ईरान ने इस्लामाबाद में बैठक से किया इनकार, युद्धविराम नहीं हो पाया
2 फाइटर जेट क्रैश, 2 चॉपर तबाह, पायलट लापता: ईरान में US के लिए बुरे सपने साबित हुए 24 घंटे
Viral video : कमलनाथ के बयान पर सियासत तेज, अब सिंधिया ने कही यह बात