March 28, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

वर्ल्ड कप खत्म, विराट-रोहित की डिमांड बढ़ी, BCCI से वनडे बढ़ाने की मांग, टी-20 नहीं चाहिए

नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारे रोहित शर्मा और विराट कोहली अपने शानदार करियर के अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं. माना जा रहा है कि दोनों दिग्गज 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप  के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं. ऐसे में क्रिकेट जगत के पास लगभग डेढ़ साल का समय है, जब तक प्रशंसक इन महान खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देख सकते हैं।

यही वजह है कि कई क्रिकेट बोर्ड चाहते हैं कि भारत के साथ होने वाली आगामी सीरीज में ज्यादा से ज्यादा वनडे मैच खेले जाएं, क्योंकि फिलहाल रोहित शर्मा और विराट कोहली सिर्फ इसी फॉर्मेट में भारत के लिए खेल रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए न्यूजीलैंड, श्रीलंका और आयरलैंड के क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से अनुरोध किया है कि आगामी दौरों के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए वनडे मैचों की संख्या बढ़ाई जाए।

आयरलैंड और श्रीलंका ने टी20 की जगह वनडे कराने की मांग की

एक सूत्र के अनुसार Cricket Ireland और बीसीसीआई आयरलैंड दौरे के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं.  जुलाई में भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी, और इसी दौरान टीम इंडिया के आयरलैंड के खिलाफ भी खेलने की संभावना है. यह सीरीज साउथैम्प्टन या आयरलैंड में आयोजित हो सकती है.  क्रिकेट आयरलैंड चाहता है कि जुलाई की शुरुआत या अंत में भारत के साथ वनडे सीरीज खेली जाए.  हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक इस मांग को मंजूरी नहीं दी है.  अगर वनडे सीरीज पर सहमति नहीं बनती, तो दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा सकती है।

वहीं Sri Lanka Cricket ने पहले बताया था कि अगस्त में भारत और श्रीलंका के बीच दो टी20 मैच खेले जाएंगे.  यह मुकाबले 2025 में आए चक्रवात ‘डिटवाह’ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए बीसीसीआई की ओर से सद्भावना के तौर पर आयोजित किए जाने थे लेकिन अब श्रीलंका क्रिकेट चाहता है कि इन मैचों को तीन वनडे मुकाबलों में बदला जाए, क्योंकि संभव है कि यह आखिरी बार हो जब रोहित शर्मा और विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के रूप में श्रीलंका दौरे पर आएं।

न्यूजीलैंड भी चाहता है ज्यादा वनडे मैच
उधर New Zealand Cricket ने भी भारत के साथ अपनी आगामी सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव का प्रस्ताव रखा है.  पहले इस दौरे में दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैच होने थे लेकिन यह जानते हुए कि भारतीय टीम शायद अगले पांच साल तक न्यूजीलैंड का दौरा नहीं करेगी, न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सीमित ओवरों के मुकाबलों का संतुलन बदलने का फैसला किया है. इस फैसले के तहत वनडे मैचों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया है ताकि भारतीय टीम को भी विश्व कप की तैयारी में मदद मिल सके.  बीसीसीआई ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है, क्योंकि टीम इंडिया को भी वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी के लिए अधिक से अधिक 50 ओवर के मैच खेलने की जरूरत है।

Spread the love