यूरोपीय यूनियन (EU) के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की कानूनी समीक्षा अगले 10-12 दिनों में पूरी हो जाएगी और इस समझौते पर 31 दिसंबर तक हस्ताक्षर हो जाएंगे। यह जानकारी केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को दी।
गोयल ने नई दिल्ली में NDTV के एक कार्यक्रम में कहा, “EU FTA की कानूनी समीक्षा 10-12 दिनों में पूरी हो जाएगी। इसके बाद हम (यूरोपीय) आयोग और उनकी संसद से मंजूरी का इंतजार करेंगे। इस साल के अंत तक यह काम पूरा हो जाना चाहिए।”
भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) ने जनवरी में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत पूरी कर ली थी। इसके बाद से दोनों पक्ष समझौते के मसौदे की कानूनी समीक्षा (लीगल स्क्रबिंग) में जुटे हैं। इस समझौते के तहत दोनों पक्षों ने 90 फीसदी से ज्यादा टैरिफ लाइनों पर शुल्क में रियायत (टैरिफ कंसेशन) देने पर सहमति जताई है।
गोयल ने कहा, “यह पहला ऐसा समझौता होगा जिस पर एक कैलेंडर वर्ष के भीतर सहमति बनी और उसे पूरा किया गया। यह EU द्वारा सबसे तेजी से मंजूर किया जाने वाला समझौता होगा।”
निर्यात 15% बढ़ने का अनुमान
गोयल ने मौजूदा भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच भारत के निर्यात के मजबूत प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत का निर्यात पिछले साल की समान अवधि की तुलना में करीब 15 फीसदी बढ़ने का अनुमान है।
अप्रैल-मई के दौरान भारत का वस्तु निर्यात (गुड्स एक्सपोर्ट) 88.91 अरब डॉलर रहा। वाणिज्य मंत्रालय 15 जुलाई को जून महीने के व्यापार आंकड़े जारी करेगा।
अल नीनो पर सरकार की नजर
कृषि क्षेत्र पर अल नीनो के असर से जुड़े जोखिमों पर टिप्पणी करते हुए गोयल ने कहा, “अल नीनो का प्रभाव अब लगभग वास्तविकता बन चुका है। जून का महीना काफी चिंता का विषय रहा है। उम्मीद है कि जुलाई की स्थिति बेहतर रहेगी।”
उन्होंने कहा कि सरकार खाद्य और जल सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को लेकर पूरी तरह सतर्क है और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त मात्रा में अनाज का भंडार उपलब्ध है। गोयल ने कहा, “देश के विभिन्न हिस्सों में पर्याप्त जल उपलब्ध रहने की भी उम्मीद है।”
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2026 के लिए सामान्य से कम मॉनसून का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, अल नीनो की परिस्थितियों के कारण इस साल बारिश लंबी अवधि के औसत (Long Period Average – LPA) का 90 फीसदी रहने का अनुमान है।

Related Posts
Red Bull और PepsiCo समेत 6 Energy Drink Brands को FSSAI का नोटिस
रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस, जानें क्या है मामला?
ISRO मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, हाई अलर्ट पर पुलिस