उड़ान डेस्क। विप्रो कंज्यूमर केयर एंड लाइटिंग ने 256 करोड़ रुपए में TTK हेल्थकेयर के गुड होम और ईवा ब्रांड्स का अधिग्रहण करने का ऐलान किया है। इस डील से कंपनी का होम और पर्सनल केयर पोर्टफोलियो मजबूत होगा। FY26 में दोनों ब्रांड्स की संयुक्त आय 148 करोड़ रुपए रही थी।
विप्रो कंज्यूमर केयर एंड लाइटिंग ने अपने कारोबार का दायरा बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी TTK हेल्थकेयर लिमिटेड के गुड होम और ईवा ब्रांड्स को 256 करोड़ रुपए में खरीदेगी। इस अधिग्रहण के बाद विप्रो का होम केयर और पर्सनल केयर पोर्टफोलियो और मजबूत होगा। हाल के सालों में कंज्यूमर प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनियां ग्रोथ बढ़ाने के लिए लगातार अधिग्रहण का रास्ता अपना रही हैं। वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में गुड होम और ईवा ब्रांड्स की जॉइंट इनकम 148 करोड़ रुपए रही थी। ये दोनों ब्रांड एयर फ्रेशनर, ड्रेन क्लीनर, डिओडोरेंट, परफ्यूम और टैल्कम पाउडर जैसे प्रोडक्ट बेचते हैं। यह डील विप्रो कंज्यूमर केयर एंड लाइटिंग का 17वां अधिग्रहण है।
अधिग्रहण से मजबूत होगा विप्रो का पोर्टफोलियो
विप्रो कंज्यूमर केयर एंड लाइटिंग के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और विप्रो एंटरप्राइजेज के मैनेजिंग डायरेक्टर कुमार चंदर ने कहा कि गुड होम और ईवा ऐसे ब्रांड हैं, जिनकी मार्केट में अच्छी पहचान है। लंबे समय से ग्राहकों का इन ब्रांड्स पर भरोसा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इन दोनों ब्रांड्स के जुड़ने से कंपनी का होम केयर और पर्सनल केयर कारोबार और मजबूत होगा।
तेजी से बढ़ रही कैटेगरी में बढ़ेगी कंपनी की मौजूदगी
कुमार चंदर के मुताबिक, यह अधिग्रहण विप्रो की मौजूदगी उन प्रोडक्ट कैटेगरी में बढ़ाएगा, जहां उपभोक्ताओं की मांग लगातार बनी हुई है और आने वाले सालों में भी अच्छी ग्रोथ की संभावना है। यानी कंपनी ऐसे कारोबार पर फोकस कर रही है, जिसमें लंबी अवधि तक विस्तार की अच्छी संभावनाएं हैं।
होम क्लीनिंग और फ्रेगरेंस सेगमेंट में बढ़ेगी पकड़
इस डील के बाद विप्रो के पोर्टफोलियो में होम क्लीनिंग, एयर केयर और फ्रेगरेंस कैटेगरी के कई नए प्रोडक्ट शामिल हो जाएंगे। कंपनी का मानना है कि लोगों में सफाई और स्वच्छता को लेकर बढ़ती जागरूकता और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग के कारण इन सेगमेंट में लगातार अच्छी ग्रोथ देखने को मिल रही है।
ब्रांड्स का नाम नहीं बदलेगी कंपनी
विप्रो ने कहा कि वह गुड होम और ईवा ब्रांड्स को बरकरार रखेगी। इसके साथ ही इनकी पहुंच बढ़ाने के लिए डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क, नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट और मार्केटिंग में निवेश करेगी, ताकि इन ब्रांड्स की मार्केट में हिस्सेदारी और मजबूत हो सके।
TTK हेल्थकेयर के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन ने जताया भरोसा
TTK हेल्थकेयर के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन टीटी रघुनाथन ने कहा कि FMCG सेक्टर में विप्रो का मजबूत एक्सपीरियंस और पहले अधिग्रहित ब्रांड्स को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने का रिकॉर्ड, गुड होम और ईवा को ग्रोथ के अगले फेज तक पहुंचाने में मदद करेगा। उनके मुताबिक, इस डील से दोनों ब्रांड्स को आगे विस्तार का बेहतर अवसर मिलेगा।

Related Posts
एविएशन सेक्टर में बड़े बदलाव की तैयारी, नई एयरलाइन कंपनियों की एंट्री होगी आसान
भारत में विंड एनर्जी की इंस्टॉल्ड क्षमता 57,443 मेगावाट पहुंची, 106 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ : सरकार
फिर शुरू होगी Paytm की डिजिटल वॉलेट सेवा! RBI से मांगा PPI लाइसेंस