नईदिल्ली। भारतीय अर्थव्यवस्था ने फिर मजबूत वृद्धि दर्ज की। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1FY27) में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। हालांकि, यह बीते वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही (Q4FY26) के 8.6 प्रतिशत से कम है, लेकिन एक साल पहले की समान तिमाही (Q1FY26) के 6.9 प्रतिशत से अधिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीडीपी के इस बंपर ग्रोथ डेटा पर खुशी का इजहार करते हुए देशवासियों को बधाई दी है।
GDP का यह आंकड़ा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 7 फीसदी के अनुमान और रॉयटर्स पोल के 7.1 फीसदी के अनुमान से भी ऊपर रहा। इस बेहतर प्रदर्शन ने उन आशंकाओं को भी कमजोर किया है, जिनमें बाहरी दबावों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार सुस्त पड़ने की संभावना जताई जा रही थी।
पीएम मोदी ने तेज जीडीपी ग्रोथ पर जताई खुशी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘देशवासियों, बहुत-बहुत बधाई। 7.8 प्रतिशत आर्थिक वद्धि दर। देश खुशियों से भर गया है, लेकिन देशवासियों को मैं बधाई देता हूं उनकी संकल्प शक्ति के लिए, उनके पुरुषार्थ के लिए। (यह उपलब्धि) एक सामूहिक शक्ति का प्रतिबिंब है।’ उन्होंने कहा, ‘दुनिया युद्ध में डूबी हुई है, चारों तरफ युद्ध की खबरें आ रही हैं, विश्व संकटों से घिरा हुआ है, आपूर्ति शृंखला पूरी तरह बाधित है और 2020 के कोविड काल से अब तक, कहीं पर भी स्थिरता नजर नहीं आ रही है। उसके बावजूद भी भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।’
जीडीपी की तेज वृद्धि में किन सेक्टर्स का हाथ
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7.8% रही है जबकि कुल सकल मूल्य वर्धन (GVA) में 8.2% की वृद्धि दर्ज की गई। इसमें सेवा एवं औद्योगिक क्षेत्र का विशेष योगदान रहा जबकि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों का योगदान तुलनात्मक रूप से कम रहा। आइए जानते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था की तेज चमक के पीछे किन-किन क्षेत्रों का कितना योगदान रहा है।
1. सेवा क्षेत्र ने दिया सबसे बड़ा योगदान : चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार के पीछे सबसे बड़ी ताकत सेवा क्षेत्र की रही। इसने अप्रैल-जून तिमाही में 10 प्रतिशत की दर से वृद्धि की। वित्तीय, रियल एस्टेट, आईटी और पेशेवर सेवाओं के क्षेत्र में सबसे ज्यादा 12.1 पर्सेंट की ग्रोथ दर्ज की गई तो व्यापार, होटल, परिवहन, संचार और प्रसारण सेवाओं में भी 8.5% की मजबूत वृद्धि मिली। वहीं, लोक प्रशासन, रक्षा और अन्य सेवाओं से जुड़े सेक्टर ने 7.5% ग्रोथ हासिल किया।
2. उद्योग एवं विनिर्माण क्षेत्र : जीडीपी के बंपर ग्रोथ रेट में बड़ा योगदान करने वालों में उद्योग एवं विनिर्माण क्षेत्र का दूसरा स्थान रहा। पहली तिमाही में यह क्षेत्र 8.6% की दर से बढ़ा। इसमें इन्फ्रास्टक्चर और औद्योगिक उत्पादन संबंधी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर 9.2% जबकि बिजली, गैस, जल आपूर्ति और अन्य उपयोगिताओं वाले क्षेत्र 8.9% की दर से बढ़े। वहीं, कंस्ट्रक्शन सेक्टर ने 7.7% ग्रोथ दर्ज किया।
3. कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र : कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों की वृद्धि दर 2.9% के साथ नरम रही। कृषि, वानिकी और मत्स्य पालन सेक्टर को 3.6% ग्रोथ मिली जबकि खनन एवं उत्खनन सेक्टर में तो गिरावट दर्ज की गई। पहली तिमाही में यह क्षेत्र 2.4% सिकुड़ गया।
पीएम बोले- युवाओं को विकसित भारत सौंपेंगे
यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर जारी एक वीडियो संदेश में अप्रत्यक्ष तौर पर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जीडीपी की ताजा वृद्धि दर ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर फैलाए जा रहे ‘निराशावाद’ के विमर्श को खारिज कर दिया है। पीएम कहा कहा कि अगर लोग स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर बल देना जारी रखेंगे तो आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर देश के युवाओं को विकसित भारत सौंपेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारी नीति सही है, हमारी नीयत साफ है और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति एकजुट होकर देश को आज नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही है।’

Related Posts
भारत की ग्रोथ में तेजी की क्षमता, 8% से अधिक बढ़ सकती है अर्थव्यवस्था : विश्व बैंक प्रमुख अजय बंगा
छोटा कारोबारी भी बेच सकेगा विदेश में माल, EOR संभालेगा जिम्मेदारी
मोबाइल फोन हो सकते हैं सस्ते? 18% जीएसटी को कम कर सकती है सरकार