September 9, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

भारत के रियल एस्टेट बाजार में दस्तक देगा सेंचुरी 21, 126 शहरों में विस्तार की बड़ी योजना

Udaan Desk. अमेरिका की रियल एस्टेट एजेंट फ्रैंचाइज फर्म सेंचुरी 21 भारत में धमाकेदार विस्तार की तैयारी कर रही है। फ्रैंचाइज आधारित कारोबारी मॉडल के साथ फर्म अगले पांच वर्षों में देश के 126 क्षेत्रों और शहरों में लगभग 1,500 कार्यालय खोलने और 30,000 एजेंटों का बड़ा नेटवर्क खड़ा करने की योजना बना रही है।

अमेरिका के न्यू जर्सी की यह कंपनी वर्तमान में 82 देशों और क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रही है। इसमें सेंचुरी 21 ब्रांड के तहत लगभग 4 लाख एजेंट काम कर रहे हैं। कंपनी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री को भारत और यूएई के लिए अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है।

सेंचुरी 21 यूएई और भारत के समूह सीईओ पीटर मैथ्यूज ने बताया कि कंपनी ने भारत को 126 क्षेत्रों में विभाजित किया है। फर्म उद्यमियों एवं कारोबार से जुड़े लोगों को व्यक्तिगत क्षेत्र हासिल करने और सेंचुरी 21 के साथ मिलकर अपना रियल एस्टेट नेटवर्क तैयार करने का मौका देगी। मैथ्यूज ने कहा, ‘हमारी योजना पांच साल के भीतर 126 क्षेत्र बनाना और उनको बेचना है।

इसके बाद ये फ्रैंचाइजी अपने नेटवर्क का विस्तार करेंगी। हमें अपने शोध डेटा और फ्रैंचाइजिंग अनुभव के आधार पर इस अवधि में पूरे भारत में लगभग 1,500 कार्यालय खोलने और इन फ्रैंचाइजी के साथ काम करने वाले लगभग 30,000 एजेंट के जुड़ने की उम्मीद है।’ उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी भारत में लॉन्चिंग के लिए पूंजी जुटाने की प्रक्रिया में है।

कंपनी का राजस्व मॉडल लेनदेन से उत्पन्न रॉयल्टी पर आधारित होगा। जब कोई एजेंट बिक्री करता है, तो फ्रैंचाइज मालिक राजस्व एकत्र करेगा और क्षेत्रीय मालिक को रॉयल्टी का भुगतान करेगा, जो बदले में सेंचुरी 21 को रॉयल्टी देगा।

सेंचुरी 21 ने कहा कि उसका भारत ऑपरेशन घरेलू खरीदारों और निवेशकों को अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़ेगा। इससे दुनिया भर के उसके बाजारों में संपत्ति खरीदने-बेचने का अवसर उन्हें मिलेगा।

कंपनी अपने कारोबार के विस्तार के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करेगी और ग्राहक संबंध प्रबंधन व बिक्री लेनदेन तक एआई की मदद लेगी। मैथ्यूज ने कहा कि यूएई, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में सेंचुरी 21 द्वारा वर्तमान में संचालित प्रौद्योगिकी को भारत में विशेष तकनीक के अनुरूप लाया जाएगा।

फर्म यहां रियल एस्टेट डेवलपरों के साथ काम करने की भी योजना बना रही है। मैथ्यूज ने कहा कि कंपनी द्वारा भारत में प्रवेश की औपचारिक घोषणा करने से पहले ही डेवलपर उसके साथ जुड़ने में रुचि दिखा रहे थे।

Spread the love