May 15, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

कांग्रेस के फोकस प्लान पर डिप्टी CM साव का हमला, बोले- न नेतृत्व बचा, न नीयत

रायपुर.

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से हारने वाली सीटों पर कांग्रेस ने फोकस करने वाले बयान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कुछ नहीं होना है. कांग्रेस के पास न नेतृत्व है, ना नीयत है.

अर्बन नक्सल की तरह देश में भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही कांग्रेस पूरी तरह से एक्पोज हो चुकी है. जनता इनसे दूर जा चुकी है. इसका लाभ उन्हें नहीं होगा. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मीडिया से चर्चा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी गई है. छत्तीसगढ़ में एक अच्छा वातावरण बना है, बस्तर विकास की ओर आगे बढ़ेगा, बस्तर को देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाने का संकल्प पूरा होगा. वहीं कांग्रेस के गृहमंत्री शाह के उद्योगपतियों के लिए जमीन देखने आने वाले बयान पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अफवाह फैला रही है. वे इसी तरह का बयान देते हैं. जिससे लगता है कि कांग्रेस अर्बन नक्सल्स की तरह काम कर रही है. उन्हें बस्तर में पेयजल की समस्या, अस्पताल, सड़क निर्माण की चिंता नहीं है. 3 लाख 91 हजार आदिवासी भाइयों ने बस्तर ओलंपिक में अपना पंजीयन कराया, उन्हें इसकी चिंता नहीं है. देश की जनता ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकारा है.

सुशासन तिहार को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाकर सरकार की खामियां गिनाए जाने पर उप मुख्यमंतमरी साव ने कहा कि लोगों ने कांग्रेस को अपने घर, अपने मन से निकाल दिया है, उसका कुछ होना नहीं है. वहीं पद्मश्री फूलबासन यादव के अपहरण की कोशिश पर साव ने कहा कि इस तरह की बात मैने भी सुनी है. प्रशासन संज्ञान लेगा. छत्तीसगढ़ का ये वातावरण नहीं है. वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश को अपराध का गढ़ बनाया. वे किस मुंह से ऐसी बातें बोलते हैं.

Spread the love