उड़ान डेस्क। भारत की पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 से यात्रियों के लिए शुरू होने वाली है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत पहले चरण में कॉरिडोर के एक हिस्से पर ट्रेन चलाई जाएगी। इसके बाद अलग-अलग चरणों में पूरे रूट पर सेवा शुरू की जाएगी। यह भारत का पहला हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट है, जिसमें जापान की मशहूर शिंकानसेन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस ट्रेन के शुरू होने से मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का पूरा कॉरिडोर 508 किलोमीटर लंबा है। यह महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगा। इस रूट पर कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इन स्टेशनों में मुंबई का BKC, ठाणे, विरार, बोईसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं।
बिजनेस टुडे की एक खबर के अनुसार, बुलेट ट्रेन के पहले चरण को 15 अगस्त 2027 यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन यात्रियों के लिए खोलने की तैयारी है। शुरुआत में पूरे मुंबई-अहमदाबाद रूट पर ट्रेन नहीं चलेगी। पहले कॉरिडोर के एक हिस्से पर यात्री सेवा शुरू होगी और बाद में बाकी हिस्सों को चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा।
इस प्रोजेक्ट में जापान की शिंकानसेन प्रणाली का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह तकनीक अपनी सुरक्षा, समय पर संचालन, भूकंप से बचाव वाली इंजीनियरिंग और आधुनिक सिग्नल सिस्टम के लिए जानी जाती है। जापान इस प्रोजेक्ट के लिए वित्तीय मदद के साथ तकनीकी सहयोग भी दे रहा है।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। ट्रेन की ऑपरेशनल स्पीड 300 से 320 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहने की उम्मीद है। इस हाई-स्पीड ट्रेन से मुंबई और अहमदाबाद के बीच सफर करीब दो घंटे में पूरा होने की उम्मीद है। अभी एक्सप्रेस ट्रेनों से यही यात्रा करने में करीब छह घंटे लगते हैं।

Related Posts
फोन चोरी होने का है डर…तो यह सिक्योरिटी फीचर खोए हुए फोन का पता लगाने में करेगा मदद
ट्रेन का चार्ट बनने के बाद भी मिल सकती है कन्फर्म सीट, ऐसे बुक करें अपना टिकट
आधार कार्ड में अब घर बैठे अपडेट करें पता और मोबाइल नंबर