May 15, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

UPSC 2025 : पिता भाजपा नेता, मां प्रिंसिपल और बेटा बना टॉपर, IAS बनने का सपना हुआ साकार

चंडीगढ़
यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC ) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. हरियाणा की माटी ने एक बार फिर देश के प्रशासनिक फलक पर अपनी कामयाबी की अमिट छाप छोड़ी है. हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण ढुल के सुपुत्र एकांश ढुल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा-2025 में अखिल भारतीय स्तर पर तीसरी रैंक (AIR 3) हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है. जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता कृष्ण ढुल के बेटे एकांश ढुल पहले भी दो बार यूपीएससी में चयनित हो चुके हैं और लगातार उन्होंने तीसरी बार चयन हुआ है.

पंचकूला के सेक्टर-12 के रहने वाले भाजपा नेता कृष्ण ढुल के बेटे एकांश ने पिछली बार 2025 में यूपीएएसपी एग्जाम में 295वीं रैंक हासिल की है. वहीं, 2024 में एकांश ने 342वीं रैंक हासिल किया था. हालांकि, अब उन्होंने लंबी छलांग लगाते हुए तीसरी रैंक हासिल किया है. इस तरह अब उनका आईएएस बनने का सपना साकार हो गया है.

एकांश ढुल ने चंडीगढ़ के भवन विद्यालय सेक्टर-27 से 10वीं और सेंट कबीर स्कूल सेक्टर-26 से 12वीं की पढ़ाई की थी और फिर इसके बाद श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स दिल्ली से बीए ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की है और दिल्ली में कोचिंग भी ली थी. वह लगातार यूपीएएसी का एग्जाम दे रहे थे और थर्ड टॉपर बने हैं. उधऱ, सीएम नायब सिंह सैनी ने एकांश ढुल के पिता कृष्ण ढुल को फोन पर बधाई दी. इस दौरान सीएम ने एकांश ढुल की मां से भी फोन पर बात की और कहा कि वह घर आकर बेटे को बधाई दें.

मेहनत और दृढ़ संकल्प से कामयाबी
एकांश की यह सफलता न केवल एक परिवार की उपलब्धि है, बल्कि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है जो लोक सेवा के माध्यम से देश की सेवा करने का सपना देखते हैं. एकांश की इस सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो और मेहनत में ईमानदारी हो, तो सफलता के शिखर तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता. एकांश के लिए लोक सेवा कोई नया क्षेत्र नहीं है, क्योंकि वे पहले से ही हरियाणा सिविल सेवा (HCS) अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. प्रशासनिक कार्यशैली की उनकी पूर्व समझ और कड़ी मेहनत ने उन्हें देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के शीर्ष पायदान पर ला खड़ा किया है.

कौन हैं एकांश के पिता कृष्ण ढुल
गौरतलब है कि एकांश ढुल के पिता कृष्ण ढुल जहां प्रदेश की राजनीति में एक कद्दावर चेहरा हैं और वर्तमान में हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता के साथ-साथ हरियाणा तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, वहीं उनकी माता निर्मल ढुल पंचकूला में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत रहकर शिक्षा की अलख जगा रही हैं.

Spread the love