April 13, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

गांव, गरीब, नारी शक्ति, किसान और वंचित वर्ग का उत्थान भाजपा की प्राथमिकता: हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल/बैतूल. 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गांव-बस्ती चलो अभियान के तहत बैतूल जिले के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर पार्टी कार्यकर्ताओं व आमजन से संवाद कर बैतूल विधानसभा क्षेत्र के मंडल प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक भाजपा की विचारधारा और संकल्प को पहुंचाएं। गांव, गरीब, नारी शक्ति, किसान और वंचित वर्ग का उत्थान ही भारतीय जनता पार्टी की प्राथकिता है। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क कर पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव के सिद्धांत को प्रतिपादित करते हुए अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति की सेवा के कार्यों में जुटे रहें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल, भैंसदेही एवं घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के देवगांव, खाटापानी, चिरापाटला, रामपुरमाल,  मंडई ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से भेंट कर वरिष्ठजनों को सम्मानित किया। सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने भीमपुर में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रशिक्षण वर्ग करते हैं कार्यकर्ताओं को गढ़ने का कार्य
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति प्रशिक्षित व समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को गढ़ने का कार्य करता है तथा सभी को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कार्यकर्ताओं की विचारधारा के प्रति अटूट निष्ठा, अनुशासन और सेवा भाव ही संगठन को मजबूत बनाते हैं। पार्टी कार्यकर्ता सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच की कड़ी बनकर कार्य करें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यय्रपेदश की भाजपा सरकार के जनहितैषी और उल्लेखनीय कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर पार्टी की विचारधारा उनको बताएं। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत के तहत अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का जीवन संवारने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने पीएम आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान देने का कार्य कर रहे हैं। उज्ज्वला योजना के तहत गरीब महिलाओं को घरेलू गैस के कनेक्शन दिए गए हैं। आयुष्मान योजना के तहत गरीबों और 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को पांच लाख रूपए तक के मुफ्त इलाज की गारंटी प्रदान करने के साथ गांव-गांव तक पक्की सड़कों के लिए पीएम ग्रामीण सड़क योजना चला रहे हैं। इन योजनाओं के अलावा कई अन्य योजनाओं के जरिए प्रधानमंत्री गरीबों के आर्थिक सशक्तिकरण का कार्य कर रहे हैं। 

कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाते रहे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते रहें। राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जागृत करने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं। भाजपा कार्यकर्ता अपनी विचारधारा और कार्यपद्धति के कारण ही सफल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में तीन करोड़ लखपति दीदियां बन चुकी है। भाजपा की सरकारें गरीबों और हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाती हैं, ताकि समाज का कोई भी वर्ग और कोई भी परिवार पीछे न रहे। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें और उन्हें भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का कर्तव्य निभाए। यही रास्ता हमें राष्ट्र की सेवा में और अधिक समर्पण से काम करने की प्रेरणा देता है। प्रशिक्षण वर्ग हर कार्यकर्ता के कौशल को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के सिद्धांतों को समझते हुए अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। 

बैलगाड़ी से पहुंचे चिरापाटला गांव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल बैलगाड़ी से ग्राम चिरापाटला में ग्रामीणों के पास पहुंचे और संवाद किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्थानीय लोगों द्वारा पारंपरिक तरीके से ढोल-नगाड़ों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। ग्रामीणों से संवाद करते हुए प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना और उनका हल निकालने का कार्य भाजपा हमेशा से करती आ रही है। भाजपा की सोच हमेशा से गरीब, किसान और वंचित वर्ग के कल्याण पर केंद्रित रही है। सादगी और सहजता ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी ताकत होती है। गांव-गरीब, किसान और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का उत्थान ही हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के साथ भाजपा का कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंच रहा है। गांव-बस्ती चलो अभियान के दौरान विधायक महेंद्र सिंह चौहान, गंगा बाई उइके, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाह सहित पार्टी जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे, जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, जितेंद्र कपूर सहित जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love