April 25, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

कलचुरि कलार समाज परिचय सम्मेलन 28 को, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

  • 500 से अधिक युवक-युवती देंगे परिचय, “कलचुरियन कीर्ति” पत्रिका का होगा विमोचन, समाजसेवियों का सम्मान

भोपाल। श्री सहस्त्रबाहु कलचुरी महासभा के तत्वावधान में 28 अप्रैल (मंगलवार) को राजधानी भोपाल के लिंक रोड नंबर-3 स्थित कलचुरि भवन में कलचुरि कलार समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं महासभा का स्थापना दिवस समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से रात्रि 11 बजे तक चलेगा। प्रवक्ता राजेश राय ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे भगवान सहस्रबाहु जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया जाएगा।

महासभा के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एल.एन. मालवीय ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल होंगे। सम्मेलन में 500 से अधिक युवक-युवती मंच पर आकर अपना परिचय देंगे, जिससे अभिभावकों को अपने बच्चों के लिए योग्य जीवनसाथी चुनने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर युवक-युवतियों के बायोडाटा एवं फोटो से सुसज्जित पत्रिका “कलचुरियन कीर्ति” का विमोचन भी किया जाएगा।

एलईडी स्क्रीन और विशेष व्यवस्था

मालवीय ने बताया कि सम्मेलन स्थल पर दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिससे दूर बैठे अभिभावक भी प्रतिभागियों का परिचय आसानी से देख सकें। साथ ही परिचय के बाद परिवारजन आपसी चर्चा के लिए अलग कक्ष में बैठकर रिश्ते तय कर सकेंगे। उन्होने यह भी बताया कि महासभा को अब तक युवक युवतियो के 500 से ज्यादा बायोडॉटा प्राप्त हो चुके है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिथ्य व्यवस्था

सम्मेलन के बाद शाम 7 बजे से हास्य (स्टैंडअप कॉमेडी) एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह में अतिथियों द्वारा समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों को सम्मानित भी किया जायेगा। आगंतुकों के लिए नाश्ता, दोपहर भोजन एवं रात्रि भोजन की समुचित व्यवस्था महासभा द्वारा की गई है।

इनकी रहेगी विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विंग कमांडर विनोद राय, अखिल भारत वर्षीय हैहय कलचुरि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय नारायण चौकसे, एलएनसीटी समूह के सचिव डॉ. अनुपम चौकसे, महापौर मालती राय, एडवोकेट एम.एल. राय राष्ट्रीय महासचिव पंकज चौकसे, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव प्रकाश राय, प्रदेश अध्यक्ष एच.पी. शिवहरे, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामकृष्ण चौकसे, राष्ट्रीय सचिव प्रकाश मालवीय, डॉ. राजेश राय, कलचुरि सेना के अध्यक्ष कौशल राय, राजेश राय, विपिन चौकसे, संजय चौकसे, सुमित जायसवाल, राहुल राय, प्रमोद ओम जायसवाल, प्रदीप राय सहित कलचुरि कलार समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कई गणमान्य अतिथि एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

समाजजनों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील

प्रवक्ता राजेश राय ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि बदलते समय में युवक-युवती परिचय सम्मेलन वैवाहिक संबंधों के लिए एक सशक्त माध्यम बन चुका है, जहां एक ही मंच पर अभिभावक अपने बच्चों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी का चयन कर सकते हैं।

Spread the love