Warning of storm and heavy rain : देशभर में अगले कुछ दिनों में मौसम तेजी से बदलने वाला है। कहीं बारिश और आंधी का असर दिखेगा तो कहीं गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी। अलग-अलग राज्यों में अलग हालात बन रहे हैं।
आने वाले दिनों में मौसम आपको चौंका सकता है। देश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ बारिश, आंधी, ओले और हीटवेव जैसी स्थितियां बनने वाली हैं। मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, अगले 5 से 7 दिनों में दश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। कहीं ठंडक मिलेगी, तो कहीं गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी।
कल दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में 1 मई को मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में कल तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इतना ही नहीं, हवाएं भी 50 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। तापमान की बात करें तो दिन में करीब 36°C और रात में 24°C के आसपास रहने की संभावना है, यानि गर्मी और बारिश दोनों का मिक्स देखने को मिलेगा।
इससे पहले दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गुरुवार को अचानक बारिश होने और तेज हवाएं चलने के कारण शहर के कई हिस्सों में तापमान में बहुत गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
यूपी के कई शहरों में आंधी-बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में 1 से 2 मई के बीच मौसम काफी एक्टिव रहने वाला है। मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार एक और दो मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की वर्षा जारी रह सकती है। तीन मई को दोनों भागों में कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं, जबकि चार से छह मई के बीच प्रदेश के दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
सहारनपुर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर आगरा, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर तक कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी दी गई है।
बिहार में भी बारिश के आसार
बिहार के कई जिलों में 1 मई को मौसम बिगड़ने की संभावना है। पटना, गया, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया जैसे इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अचानक तेज हवाएं और बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। पटना में तापमान 32°C तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23°C रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम काफी एक्टिव रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर में 2 से 5 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 मई को बारिश का अलर्ट है, जबकि उत्तराखंड में 6 मई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में आने वाले दिनों में हल्की बारिश और तापमान में गिरावट जारी रहने का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के उत्तराखंड केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर के अनुसार एक मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिन खराब मौसम
पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में भी 4 मई तक तेज बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है, जिससे जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
झारखंड में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
झारखंड के अलग-अलग जगह में पिछले 48 घंटे में कई लोगों की आकाशीय बिजली की वजह से मौत हो गई। मौसम विभाग ने 30 अप्रैल को कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले तीन दिनों में तापमान में चार डिग्री तक गिरावट और 1 से 5 मई तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
बंगाल में झमाझम बारिश
पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 7 दिनों तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। ओडिशा में भी 30 अप्रैल और 1 मई को 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तूफानी हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा में 1 मई को ओलावृष्टि की भी प्रबल संभावना है।
एमपी-छत्तीसगढ़ में आंधी
मध्य भारत के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बिजली कड़कने और 50-60 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी गई है। विदर्भ में 2 से 4 मई के बीच बारिश की संभावना है, लेकिन उससे पहले वहां हीटवेव का असर भी दिखेगा।
राजस्थान में ऊष्ण लहार के साथ बूंदाबांदी
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से आगामी 2-3 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी होगी। मई के पहले सप्ताह में भी राज्य में कहीं-कहीं ऊष्ण लहर की परिस्थितियां दर्ज होने और दोपहर बाद आंधी चलने और बूंदाबादी या बारिश होने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में बारिश के साथ उमस
दक्षिण भारत में भी मौसम शांत नहीं रहेगा। तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में 4 मई तक बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है, खासकर तमिलनाडु और केरल में। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में 30 अप्रैल को तेज आंधी का खतरा है। साथ ही, कई इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम भी लोगों को परेशान कर सकता है।
मौसम में अचानक बदलाव की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक साथ तीन बड़े सिस्टम सक्रिय हैं—
वेस्टर्न डिस्टरबेंस
ट्रफ लाइन
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी
इनके टकराव से कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में लू का असर जारी है।

Related Posts
रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस, जानें क्या है मामला?
ISRO मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, हाई अलर्ट पर पुलिस
सोते हुए लड़के के चेहरे पर बैठा चमगादड़, महीनेभर बाद हो गई मौत