भोपाल। मध्यप्रदेश में 20 मई को दवा दुकानों की हड़ताल रहेगी। राजधानी भोपाल में करीब 3 हजार से अधिक मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में यह बंद बुलाया है।
भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि जिले के सभी थोक और रिटेल दवा व्यापारी इस बंद का समर्थन करेंगे और अपनी दुकानें बंद रखेंगे। उनका कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री आम लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर मुद्दा है और इसकी गुणवत्ता व निगरानी को लेकर अभी स्पष्ट व्यवस्था नहीं है।
नकली और एक्सपायरी दवाओं पर चिंता
एसोसिएशन का कहना है कि ऑनलाइन दवा कारोबार की आड़ में नकली, एक्सपायरी और गलत दवाओं के वितरण का खतरा बढ़ रहा है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
अस्पतालों के मेडिकल स्टोर रहेंगे खुले
भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन ने बताया कि अस्पतालों के अंदर संचालित मेडिकल स्टोर्स को इस बंद से अलग रखा गया है, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लोगों से पहले दवाएं लेने की अपील
एसोसिएशन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 20 मई से पहले अपनी जरूरत की दवाएं खरीद लें। खासतौर पर हृदय रोग, शुगर और बीपी के मरीजों को नियमित दवाओं का पहले से इंतजाम करने की सलाह दी गई है।
ये हैं प्रमुख मांगें
- ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण
- भारी डिस्काउंट पर रोक
- नकली और बिना निगरानी वाली दवाओं पर कार्रवाई

Related Posts
राजस्थान में भीषण जल संकट: 205 शहर-कस्बे प्रभावित, जयपुर-अजमेर में पानी की किल्लत
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत उज्जैन में 25-26 मई को शिप्रा तीर्थ परिक्रमा
4.24 करोड़ छात्रों की डिजिटल ट्रैकिंग व्यवस्था को योगी सरकार कर रही मजबूत