September 4, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

नई सुविधा : अब WhatsApp पर ही भरें बिजली-पानी और गैस का बिल, अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं, जानें तरीका

उड़ान डेस्क। WhatsApp अब रोजमर्रा के जरूरी बिलों के भुगतान के लिए भी काम आएगा. यूजर्स एक ही जगह से अलग-अलग सेवाओं के बिल भर सकेंगे और बार-बार यूज होने वाले बिलर्स को आसानी से ढूंढ पाएंगे. आइए डिटेल में जानते हैं इस नए फीचर के बारे में.

अब WhatsApp से ही बिजली, पानी और गैस जैसे जरूरी बिल भरे जा सकेंगे. इसके लिए आपको अलग से कोई दूसरा ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी. दरअसल, Meta के WhatsApp ने Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क के साथ मिलकर यह सुविधा शुरू की है. इसकी मदद से लोग 30 तरह के बिलों का पेमेंट कर सकते हैं. इनमें 22,700 से ज्यादा बिलर्स शामिल हैं.

WhatsApp पर बिजली, पानी, गैस, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन की किस्त जैसे कई पेमेंट किए जा सकेंगे. इसके अलावा, WhatsApp ऐसे फीचर भी ला रहा है, जिससे यूजर्स अपने पुराने बिल और पहले किए गए पेमेंट की जानकारी आसानी से देख सकेंगे.

बिना ऐप बदले WhatsApp से होगा बिल का पेमेंट
बिल पेमेंट करने के लिए अब WhatsApp से बाहर आपको जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. ऐप की होम स्क्रीन के सबसे ऊपर दिए गए ₹ आइकन पर टैप करके Payments सेक्शन में पहुंच सकते हैं. यहां अपनी बिल कैटेगरी चुनें, सर्विस प्रोवाइडर को सर्च करें और जरूरी अकाउंट डिटेल्स दर्ज कर दें.

डिटेल्स भरते ही WhatsApp बकाया बिल की रकम दिखा देगा. पेमेंट करने से पहले आप बिल की पूरी जानकारी चेक कर सकते हैं. इसके बाद UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के जरिए आसानी से पेमेंट किया जा सकेगा.

पुराने बिलर्स और कैटेगरी आसानी से मिलेंगी
बिल का पेमेंट करना और उसे संभालना भी आसान हो जाएगा. जैसे Paytm में पहले जिन बिलर्स को पेमेंट किया है, वे दोबारा स्क्रीन पर आसानी से मिल जाते हैं. उसी तरह यहां भी पुराने बिलर्स Payments Home स्क्रीन पर दिख सकते हैं. इससे हर बार बिलर का नाम खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी. एक ही बिलर के कई अकाउंट भी जोड़े जा सकेंगे.

मान लीजिए आपके घर और ऑफिस के बिजली के बिल अलग-अलग हैं या परिवार के किसी सदस्य का भी बिजली-पानी का बिल आपको भरना पड़ता है. ऐसे में आप एक ही बिलर के कई अकाउंट जोड़कर सभी बिल आसानी से संभाल सकेंगे.

इसके अलावा, जिन तरह के बिल का आप अक्सर पेमेंट करते हैं, वे अपने आप Payments Home स्क्रीन पर दिखेंगे. अगर कोई दूसरी तरह का बिल भरना है, तो ‘See All’ पर जाकर सभी उपलब्ध बिल की कैटेगरी देख सकते हैं.

WhatsApp पर ऐसे भरें बिल

  1. सबसे पहले WhatsApp खोलें और होम स्क्रीन के ऊपर दिए गए ₹ आइकन पर टैप करें.
  2. अब जिस तरह का बिल भरना है, उसकी कैटेगरी और बिलर चुनें.
  3. इसके बाद मांगी गई अकाउंट डिटेल दर्ज करें और उसे कन्फर्म करें.
  4. WhatsApp पर दिखाई गई बिल की रकम और बाकी जानकारी को एक बार चेक कर लें.
  5. अब पेमेंट करने का तरीका चुनें. आप UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से पेमेंट कर सकते हैं.
  6. आखिर में पेमेंट को कन्फर्म कर दें.
Spread the love