May 29, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

मऊ में CM योगी का सख्त संदेश, बोले- अब खुली जीप में असलहा लहराने की हिम्मत नहीं किसी माफिया में

 मऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ जिले के मधुबन स्थित गांधी मैदान में आयोजित विकास जनसभा के मंच से विपक्ष और माफियाओं पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने मां शीतला देवी की पावन धरा मऊ में 392 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए वर्ष 2005 के मऊ दंगों का विशेष उल्लेख किया. उन्होंने पिछली सरकारों के कार्यकाल में बहुसंख्यकों के उत्पीड़न, धार्मिक आयोजनों में बाधा और सुरक्षा के गंभीर संकट को लेकर पूर्ववर्ती सत्ताधीशों को कटघरे में खड़ा किया। 

अच्छी सरकार जाति देखकर विकास नहीं करती
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का लेखा-जोखा पेश करते हुए कहा कि एक अच्छी सरकार कभी भी जाति देखकर काम नहीं करती बल्कि सबके कल्याण के लिए विकास करती है. उन्होंने जनता से संवाद करते हुए पूछा कि क्या अस्पताल में जाति पूछकर इलाज किया जाता है? क्या जाति पूछकर किसी को पुल पर चलने दिया जाता है या फिर बाढ़ से बचाव का कार्य जाति देखकर होता है? योगी ने स्पष्ट कहा कि अच्छी सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए पूरी ईमानदारी से काम करती है। 

21 साल पहले मऊ को जलाने की हुई थी कोशिश
वर्ष 2005 के दंगों को याद दिलाते हुए सीएम ने कहा कि 21 साल पहले मऊ को जलाने का कुत्सित प्रयास हुआ था. उस समय सत्ता के संरक्षण में माफिया उत्सव भरे आस्था के केंद्र रामलीला आयोजन में व्यवधान पैदा करके निर्दोष हिंदुओं का कत्लेआम कर रहे थे. तब की सरकार माफिया के सामने पूरी तरह नतमस्तक थी. दंगा और कर्फ्यू के उस माहौल ने युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था. लोग उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर दस कदम पीछे हट जाते थे, लेकिन आज राज्य की पहचान बदल चुकी है। 

धार्मिक पर्वों में बाधा डालने वालों की होगी दुर्गति
योगी आदित्यनाथ ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग भी धार्मिक आयोजनों, यज्ञ, रामनवमी, जन्माष्टमी या शिवरात्रि जैसे पावन पर्वों में व्यवधान डालेंगे, उनकी दुर्गति रावण और कंस जैसी होना तय है. उन्होंने कहा कि पहले गरीब चंदा जुटाकर भी रामलीला नहीं करा पाता था. व्यापारी सूर्यास्त से पहले दुकान बंद करने को मजबूर था और बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं. लेकिन आज कोई भी माफिया पिस्तौल लहराकर या खुली जीप में घूमकर किसी हिंदू को धमकाने की हिम्मत नहीं कर सकता। 

सपा सरकार ने रोकीं केंद्र की योजनाएं
सीएम ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि 2014 से 2017 के बीच तत्कालीन सपा सरकार ने केंद्र की लोककल्याणकारी योजनाओं को जानबूझकर उत्तर प्रदेश में लागू नहीं होने दिया. गरीबों तक लाभ पहुंचाने के मार्ग में तमाम बाधाएं खड़ी की गईं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सिर्फ चार जातियां हैं, जिनमें गरीब, युवा, नारी और अन्नदाता किसान शामिल हैं. अंत में उन्होंने दोहराया कि अगर किसी ने बेटी या व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाई, तो उसका सीधा इंतजार सिर्फ यमराज करेगा। 

Spread the love