नईदिल्ली. दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई बड़े नेता राजधानी पहुंच रहे हैं. इसका असर सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर नहीं, बल्कि स्कूल, सड़क और आम लोगों की आवाजाही पर भी पड़ेगा. भारत मंडपम और VVIP रूट के आसपास मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था है. CCTV, एंटी-ड्रोन सिस्टम और दूसरी तकनीकी निगरानी के जरिए भी नजर रखी जा रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS Summit से पहले संस्कृत के श्लोक के जरिए दुनिया के प्रमुख नेताओं का स्वागत किया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के प्रमुख नेता BRICS Summit के लिए एक मंच पर जुटेंगे. प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई कि सम्मेलन के दौरान विश्व कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी.
विश्व कल्याण के लिए सकारात्मक संवाद पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में सभी देश मिलकर वैश्विक हित से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा करेंगे. उन्होंने BRICS के मंच से सहयोग और सकारात्मक संवाद की भावना को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई.
संस्कृत श्लोक से दिया एकता और सद्भाव का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में संस्कृत के श्लोक के जरिए अच्छे लोगों के साथ रहने, सद्भाव बनाए रखने और सकारात्मक संगति का महत्व बताया. श्लोक में कहा गया है— “सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्.”
असद्भाव से बचने और मैत्री बढ़ाने की सीख
श्लोक का भाव है कि सज्जनों के साथ रहना और उनके साथ संगति करना चाहिए. अच्छे लोगों के साथ ही संवाद, मैत्री और व्यवहार रखना चाहिए तथा असद्भाव रखने वालों से दूरी बनाए रखनी चाहिए. BRICS Summit से पहले यह संदेश वैश्विक सहयोग और मैत्री की भावना को रेखांकित करता है.
12 सितंबर सबसे अहम दिन
12 सितंबर को भारत मंडपम में BRICS सम्मेलन का पहला मुख्य दिन होगा. इसी दिन कई राष्ट्राध्यक्ष और दूसरे बड़े प्रतिनिधि भारत मंडपम पहुंचेंगे. दोपहर 2 बजे से नेताओं का पहुंचना शुरू होगा. भारत मंडपम के लेवल-2 पर उनका आधिकारिक फोटो भी लिया जाएगा. इसके बाद दोपहर 2:35 बजे नेताओं की बंद कमरे में बैठक होगी. इसमें दुनिया के बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. खास तौर पर इस बात पर जोर रहेगा कि दुनिया से जुड़े फैसलों में ज्यादा से ज्यादा देशों की आवाज कैसे शामिल हो और अलग-अलग देशों के बीच मिलकर काम करने को कैसे मजबूत किया जाए.
शाम 4:25 बजे भारत इनोवेट्स नाम की प्रदर्शनी दिखाई जाएगी. इसके बाद शाम 5:05 बजे सभी नेताओं की ग्रुप फोटो होगी. इसके कुछ ही मिनट बाद, 5:10 बजे नेता पौधरोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. दिन का आखिरी बड़ा कार्यक्रम शाम 7:30 बजे होगा. प्रधानमंत्री की ओर से विदेशी नेताओं के लिए गाला डिनर रखा गया है.
13 सितंबर को क्या होगा?
13 सितंबर BRICS समिट का दूसरा और आखिरी दिन होगा. इस दिन भी भारत मंडपम के आसपास VVIP आवाजाही रहेगी और सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी. समिट का दूसरे दिन BRICS के साझेदार और दूसरे आमंत्रित देशों के नेता सुबह 9:55 बजे भारत मंडपम पहुंचेंगे.
इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की ग्रुप फोटो होगी. फिर सुबह 10:50 बजे समिट का ओपन सेशन शुरू होगा. इस दौरान नेता खुले मंच से अपनी बात रखेंगे. इसमें अहम मुद्दों पर चर्चा के साथ बड़े ऐलान भी हो सकते हैं. यानी 13 सितंबर को समिट अपने आखिरी दौर में पहुंचेगा और दिन के कार्यक्रमों के साथ इस साल का BRICS शिखर सम्मेलन भी खत्म हो जाएगा.

Related Posts
IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस : लालू, तेजस्वी और राबड़ी समेत 9 के खिलाफ आरोप तय
EPF से पैसे निकालने के नए नियम : पढ़ाई, इलाज और घर के लिए मिलेगी बड़ी राहत
5 राज्यों के चुनावी खर्च का लेखा-जोखा : BJP को ₹1,473 करोड़ का चंदा, कांग्रेस से 7 गुना ज्यादा