June 1, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

बारिश में कार को ऐसे रखें सुरक्षित, जानें 10 जरूरी टिप्स

Monsoon Car care Tips : झमाझम बारिश गर्मी से राहत तो देती है, लेकिन यही बारिश आपकी कार के लिए कई मुश्किलें भी लेकर आता है. बारिश, कीचड़, फिसलन भरी सड़कें और पानी भराव जैसी समस्याएं गाड़ी को नुकसान पहुंचा सकती हैं. ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि इस बारिश में आपकी कार सुरक्षित और बेहतर हालत में रहे, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. यहां जानिए बारिश के दिनों में कार की देखभाल से जुड़े 10 अहम टिप्स…

टायर जरूर चेक करें
बारिश के मौसम में टायर की पकड़ सबसे ज्यादा मायने रखती है. अगर टायर घिस चुके हैं या उनकी ग्रिप कम हो गई है, तो फिसलने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए यह कन्फर्म करें कि टायर में अच्छी ट्रेड डेप्थ हो. सही ग्रिप वाले टायर गीली सड़क पर बेहतर कंट्रोल और कम ब्रेकिंग दूरी देने में मदद करते हैं.

बैटरी और वायरिंग की जांच करें
बारिश के समय में वाइपर और लाइट्स का इस्तेमाल ज्यादा होता है, जिससे बैटरी पर ज्यादा दबाव पड़ता है. ऐसे में बैटरी की हालत और वायरिंग की जांच जरूर करें. कहीं तार कटे या खुले हुए न हों, क्योंकि पानी की वजह से शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है.

ब्रेक्स की जांच बेहद जरूरी
गीली सड़क पर ब्रेकिंग दूरी बढ़ जाती है, इसलिए ब्रेक्स का सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी है. अगर ब्रेक दबाने पर आवाज आती है, कंपन महसूस होता है या पैडल ज्यादा नीचे चला जाता है, तो तुरंत सर्विस सेंटर में जांच करवाएं.

वाइपर ब्लेड बदलना न भूलें
गर्मी के कारण वाइपर ब्लेड की रबर खराब हो सकती है. अगर वाइपर शीशे पर निशान छोड़ रहे हैं या आवाज कर रहे हैं, तो उन्हें बदल देना चाहिए. साथ ही वॉशर फ्लूइड भी भरकर रखें, ताकि बारिश में विजिबिलिटी बेहतर बनी रहे.

कार की सभी लाइट्स चेक करें
बारिश के दिनों में हेडलाइट, टेललाइट, इंडिकेटर और फॉग लाइट्स बेहद जरूरी होती हैं. इसलिए यह कन्फर्म करें कि सभी लाइट्स सही तरीके से काम कर रही हों. धुंधली या खराब लाइट्स को तुरंत बदलें.

लीकेज की जांच करें
अगर आपकी कार में सनरूफ है, तो उसके रबर सील्स की जांच जरूर करें. दरवाजों और खिड़कियों के आसपास लीकेज होने पर पानी केबिन में जा सकता है, जिससे इंटीरियर और इलेक्ट्रॉनिक्स को नुकसान हो सकता है.

जंग और अंडरबॉडी की सुरक्षा करें
बारिश और गंदगी की वजह से कार में जंग लगने का खतरा बढ़ जाता है. कार की बॉडी पर खरोंच या पेंट डैमेज हो तो उसे ठीक करवाएं. साथ ही एंटी-रस्ट कोटिंग करवाना और अंडरबॉडी की सफाई करना भी फायदेमंद रहता है.

EV मालिक रखें खास ध्यान
आजकल इलेक्ट्रिक कारों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. ज्यादातर EV बैटरियां वॉटरप्रूफ होती हैं, लेकिन फिर भी चार्जिंग हमेशा सूखी और सुरक्षित जगह पर करनी चाहिए. चार्जिंग पोर्ट और रबर सील्स की नियमित जांच भी जरूरी है.

जरूरी सामान हमेशा साथ रखें
बारिश के दिनों में इमरजेंसी कभी भी आ सकती है. इसलिए कार में स्पेयर फ्यूज, एक्स्ट्रा बल्ब, टूल किट और स्टेपनी जरूर रखें. साथ ही छाता, रेनकोट, तौलिया और कपड़ों का एक एक्स्ट्रा सेट रखना भी फायदेमंद हो सकता है.

प्री-मानसून सर्विस जरूर करवाएं
अभी मानसून की शुरुआत नहीं हुई है. ऐसे में मानसून के शुरू होने से पहले कार की पूरी सर्विस करवाना सबसे अच्छा तरीका माना जाता है. सर्विस के दौरान ब्रेक्स, बैटरी, टायर, लाइट्स, वायरिंग और फ्लूइड्स की जांच हो जाती है, जिससे बड़ी खराबी आने से पहले ही समस्या पकड़ में आ जाती है.

Spread the love