जेईई एडवांस्ड का रिजल्ट जारी हो गया है। इस बार शुभम कुमार ने ऑल इंडिया में रैंक 1 हासिल की है। शुभम ने 360 में से 330 नंबर लाकर सभी को हैरान कर दिया है। शुभम मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। आइए जानते हैं जेईई एडवांस्ड में टॉप करने वाले शुभम के बारे में।
कौन हैं शुभम कुमार?
शुभम कुमार एक मिडिल क्लास परिवार से आते हैं, लेकिन जेईई एडवांस्ड में टॉप करने के बाद उनकी चर्चा देशभर में हो रही है। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई गया से की है। उसके बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए राजस्थान चले गए और वहीं से जेईई की तैयारी करनी शुरू की। उन्होंने बताया कि वो आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना चाहते हैं।
क्या करते हैं शुभम के परिवार वाले?
जेईई एडवांस्ड में टॉप करने वाले शुभम के पिता का नाम शिव कुमार है और वो गया में एक हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। वहीं उनकी माता जी गृहिणी हैं। शुभम के टॉप करने पर पूरा परिवार बेहद खुश है।
शुभम कितने घंटे करते थे पढ़ाई?
जेईई की परीक्षा में टॉप करना कोई आसान काम नहीं है। ऐसे में अब हर कोई जानना चाहता है कि आखिर शुभम ने ये कैसे कर दिखाया। वो रोजाना कितनी देर पढ़ते थे? इस बारे में शुभम ने खुद बताया कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर दूरी बना ली थी और रोजाना 7-8 घंटे पढ़ाई को देते थे। उन्होंने अपनी इस सफतला का श्रेय सबसे पहले अपने माता-पिता को दिया। उसके बाद उन्होंने बताया कि कोटा में काफी कॉम्पिटिटिव माहौल है। इससे वो अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे पाए।
56 हजार से अधिक छात्र हुए सफर
देश की सबसे कठिन प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली इस परीक्षा में कुल 56,880 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की, जिनमें 10,107 छात्राएं हैं। कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में 360 में से 330 अंक हासिल कर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहीं, आईआईटी दिल्ली जोन की ही अरोही देशपांडे शीर्ष रैंक पाने वाली छात्रा बनीं।उन्होंने 360 में से 280 अंक प्राप्त कर पूरे देश में 77वीं रैंक हासिल की।
कब हुई थी जेईई एडवांस्ड की परीक्षा?
जेईई (एडवांस्ड) 2026 की परीक्षा 17 मई 2026 को आयोजित हुई थी, जिसमें कुल 1,79,694 अभ्यर्थियों ने परीक्षा एक और परीक्षा दो दोनों में भाग लिया।कबीर छिल्लर ने 329 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि जतिन चाहर 319 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। शीर्ष स्थान पर रहे शुभम कुमार ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि मैं पिछले दो साल से जेईई एडवांस्ड की तैयारी कर रहा था और मुझे उम्मीद थी कि मेरी मेहनत अच्छी रैंक दिलाएगी। अब जब मैंने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है तो बहुत खुशी हो रही है।

Related Posts
अमेरिकी वायुसेना अकादमी में प्रवेश पाने वाले पहले केशधारी सिख अमेरिकी बने चिराग
17 वर्षीय छात्र ने बनाया दुनिया का सबसे छोटा रोबोटिक आर्म, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज
बड़ी उपलब्धि : 17 वर्षीय भारतीय मूल की छात्रा बनीं 300 US नेवी कैडेट्स की कमांडर