ओमान के तट के पास एक वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया है. केंद्र सरकार ने इस घटना के विरोध में अमेरिका के चार्ज डी’अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब किया है. यह कदम उस समय उठाया गया जब ओमान तट के पास कमर्शियल पोत सेट्टेबेलो पर हुए हमले में सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से तीन अभी तक तापता हैं. विदेश मंत्रालय के अनुसार हमले के समय जहाज पर 24 भारतीय चालक दल के सदस्य मौजूद थे. इनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अभी भी लापता हैं. ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान में लगा हुआ है.
अमेरिकी राजनयिक को किया गया तलब
सूत्रों के मुताबिक, विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने इस घटना को लेकर अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब किया और भारत की आपत्ति दर्ज कराई. भारत ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव और जहाजों पर हमलों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है. विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि ओमान तट के पास कमर्शियल पोत सेट्टेबेलो पर हुआ हमला बेहद चिंताजनक है. मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए.
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे हमले
विदेश मंत्रालय ने कहा कि हाल के दिनों में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का सीधा परिणाम हैं. भारत ने सभी पक्षों से तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रयास तेज करने की अपील की है ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके.
पहले भी हुआ था जहाज पर हमला
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सोमवार को पलाऊ के झंडे वाले टैंकर एमटी मारिवेक्स पर भी हमला हुआ था. उस जहाज में 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित बचा लिया गया. विदेश मंत्रालय ने उस समय बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार व्यक्त किया था.

Related Posts
IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस : लालू, तेजस्वी और राबड़ी समेत 9 के खिलाफ आरोप तय
EPF से पैसे निकालने के नए नियम : पढ़ाई, इलाज और घर के लिए मिलेगी बड़ी राहत
5 राज्यों के चुनावी खर्च का लेखा-जोखा : BJP को ₹1,473 करोड़ का चंदा, कांग्रेस से 7 गुना ज्यादा