June 13, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

AIIMS BHOPAL में बड़ी लापरवाही : मासूम को लगाया फॉर्मेलिन इंजेक्शन, तड़पकर मौत, दो नर्सों पर केस दर्ज

भोपाल। अखिल भारतीय अनुसंधान संस्थान एम्स में इलाज के दौरान तीन वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि बच्चे को गलती से फर्मेलिन जैसा खतरनाक रासायनिक पदार्थ इंजेक्ट कर दिया गया था। इस गंभीर लापरवाही के बाद बच्चे की तड़पकर मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो नर्सिंग अधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

गलत इंजेक्शन से गई मासूम की जान

पुलिस के अनुसार, सागर जिले के बीना क्षेत्र के कोरजा गांव निवासी तीन वर्षीय सार्थक यादव को 15 दिसंबर 2025 को बुखार की शिकायत के बाद एम्स भोपाल के पीडियाट्रिक वार्ड-2 में भर्ती कराया गया था। वह बी-सेल एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया (B-ALL) से पीड़ित था।

बाहर से लाई गई थी फर्मेलिन भरी सिरिंज

16 दिसंबर को सार्थक की बोन मैरो एस्पिरेशन और बायोप्सी प्रस्तावित थी। इसके लिए आवश्यक फर्मेलिन अस्पताल में उपलब्ध नहीं था। आरोप है कि नर्सिंग अधिकारी अनुका गुजराती बाजार से फर्मेलिन से भरी 10 एमएल की सिरिंज लेकर आई थीं। प्रक्रिया स्थगित होने के बावजूद सिरिंज को न तो नष्ट किया गया और न ही सुरक्षित स्थान पर रखा गया, बल्कि मरीज के बेड के पास लॉकर पर छोड़ दिया गया।

बिना जांच के लगा दिया गया इंजेक्शन

17 दिसंबर की सुबह करीब 7:15 बजे बच्चे की आईवी लाइन चोक हो गई। ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग अधिकारी मधुबाला शर्मा ने बिना लेबल और सामग्री की जांच किए उसी सिरिंज को उठाकर बच्चे की नस में इंजेक्ट कर दिया। आरोप है कि बच्चे के पिता सिद्धार्थ यादव ने बार-बार चेतावनी दी कि यह आईवी फ्लश नहीं है, लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई।

इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, कुछ ही देर में मौत

रासायनिक लिक्विड शरीर में जाते ही बच्चा अचेत हो गया। उसे तुरंत पीआईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के बावजूद सुबह 8:45 बजे उसकी मौत हो गई। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और एम्स की आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट में मौत का सीधा संबंध फर्मेलिन इंजेक्शन से पाया गया।

दो नर्सिंग अधिकारियों पर केस दर्ज

जांच रिपोर्ट के आधार पर ने एक नर्सिंग अधिकारी पर लापरवाही और दूसरी पर खतरनाक रसायन को असुरक्षित तरीके से रखने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Spread the love