प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी यूरोपीय यात्रा के दौरान एक और महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। स्लोवाकिया ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया। यह सम्मान स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने ब्रातिस्लावा में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया।
यह सम्मान भारत और स्लोवाकिया के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों तथा वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जा रहा है। किसी विदेशी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया यह 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इससे पहले उन्हें नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया की जनता और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि भारत के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि को भारत और स्लोवाकिया के बीच गहरी मित्रता और सहयोग को समर्पित किया।
स्लोवाकिया का ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस’ देश का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है। यह पुरस्कार उन विदेशी नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने स्लोवाकिया के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने, विदेश नीति के हितों को आगे बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने में विशेष योगदान दिया हो।
बता दें कि, प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद वहां की आधिकारिक यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने हैं। इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मान न केवल प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है, बल्कि भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव का भी प्रमाण है।

Related Posts
भारत में 22 जून तक टेलीग्राम बैन, मैसेज एडिटिंग पर भी रोक, जानिए सरकार ने क्यों उठाया यह कदम
बिना डॉक्टर की पर्ची के नहीं खरीद सकेंगे कफ सिरप, स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
ड्रोन अटैक अलर्ट! सरकार ने एजेंसियों को किया सतर्क, संवेदनशील ठिकानों पर सुरक्षा बढ़ी