कतर के रास लफ्फान औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रमुख प्राकृतिक गैस निर्यात टर्मिनल में रविवार देर रात हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 54 लोग घायल हो गए, जबकि 18 अन्य लापता हैं। यह हादसा बारजान संयंत्र में स्थित टर्मिनल का परिचालन दोबारा शुरू करने के दौरान हुआ।
रास लफ्फान कतर से प्राकृतिक गैस के निर्यात का सबसे बड़ा और मुख्य केंद्र है। हालिया युद्ध के दौरान ईरान ने इस क्षेत्र को निशाना बनाया था, जिसके बाद से यह टर्मिनल कई हफ्तों तक पूरी तरह बंद रहा। कतर के अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत के बाद रविवार रात जब इस टर्मिनल को दोबारा चालू करने की तकनीकी प्रक्रिया चल रही थी, तभी यह जोरदार धमाका हुआ।
शुरुआती बयान में कम बताई गई थी संख्या
कतर के गृह मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है और लापता 18 लोगों की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि मंत्रालय ने अपने शुरुआती बयान में केवल कुछ ही लोगों के घायल होने की बात कही थी, लेकिन बाद में घायलों का आंकड़ा 54 होने की जानकारी दी गई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मार्च में ईरान ने किया था हमला
इजरायली हमले के खिलाफ ईरान ने कतर के रास लफान गैस संयंत्र पर 19 मार्च को हमला किया था। हालांकि, तब यहां कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन संयंत्र को नुकसान पहुंचा था। यह संयंत्र दोहा से 80 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। यह दुनिया की सबसे बड़ी LNG उत्पादन सुविधा है। यह वैश्विक LNG आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत उत्पादन करता है।
भारत करीब 47 प्रतिशत गैस कतर से लेता है।

Related Posts
किसानों को राहत : अब फसल बिकने के बाद ही चुकाना होगा लोन, KCC नियमों में बड़ा बदलाव
ईरान-अमेरिका वार्ता समाप्त, 60 दिन में अंतिम समझौता रोडमैप के लिए बनी सहमति
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : दान गिनती व्यवस्था बदली, 40 कर्मचारी हटाए गए