पूर्व राष्ट्रपति और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे दिवंगत प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पार्टी नेतृत्व और राहुल गांधी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस आलाकमान के भीतर अपने बलबूते सरकार बनाने का जज्बा और जोश बिल्कुल गायब दिखाई देता है। आईएएनएस (IANS) से बातचीत के दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल कुछ बड़े कार्यक्रम जरूर करते हैं, लेकिन उसके बाद वह अचानक परिदृश्य से गायब हो जाते हैं, जिससे पार्टी को लाभ नहीं मिल पाता है।
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि राजनीति कोई पार्ट-टाइम जॉब नहीं है, बल्कि यह 24 घंटे और 355 दिन का काम है। राहुल गांधी की रणनीति की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि आप दो दिन के लिए आएं, कुछ रैलियां करें, लोगों से मिलें और फिर अचानक गायब हो जाएं। इस ढर्रे से राजनीति नहीं चलाई जा सकती। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम चुनावों के अलावा राज्यों में भी लगातार चुनाव होते रहते हैं, इसलिए देश की मुख्य विपक्षी पार्टी को हर वक्त जमीन पर सक्रिय रहना होगा।
‘कांग्रेस के लिए गठबंधन ठीक नहीं’
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कांग्रेस संगठन की जमीनी हकीकत पर बात करते हुए कहा कि उन्होंने खुद कुछ समय तक कांग्रेस में काम किया है और उनके अनुभव के अनुसार पार्टी की सोच अब केवल गठबंधन के सहारे सरकार बनाने तक सीमित हो गई है। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को नसीहत दी कि पार्टी को दूसरों के भरोसे रहने के बजाय अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना चाहिए ताकि वह अपने दम पर सत्ता में आ सके।
उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि सिर्फ दूसरों की बदौलत चुनाव जीतने की मानसिकता पूरी तरह गलत है। कांग्रेस को पूरे दमखम के साथ सीधे मैदान में उतरना चाहिए और संगठन की अपनी एक स्वतंत्र व मजबूत रणनीति होनी चाहिए। दूसरे दलों के कंधों पर बंदूक रखकर चलाने की यह शॉर्टकट रणनीति लंबे समय तक काम नहीं आने वाली है।
राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बीच तुलना किए जाने के सवाल पर शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि इन दोनों नेताओं के बीच किसी भी तरह की तुलना करना पूरी तरह गलत और बेमानी होगा। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए याद दिलाया कि साल 2014 से ही राहुल गांधी कांग्रेस का मुख्य चेहरा बने हुए हैं, लेकिन उनके नेतृत्व में कुछ अपवाद वाले राज्यों को छोड़कर कांग्रेस पार्टी लगातार चुनाव हारती आ रही है।
पीएम मोदी एक लोकप्रिय नेता’
शर्मिष्ठा ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी देश के एक बेहद लोकप्रिय नेता हैं और उनकी यह लोकप्रियता उन्हें मिलने वाले भारी जनादेश से साफ साबित होती है। इसके विपरीत, राहुल गांधी इतने वर्षों के बाद भी वह अपेक्षित जनादेश अपने और अपनी पार्टी के पक्ष में नहीं ला पा रहे हैं, जो राजनीतिक रूप से उनकी एक बहुत बड़ी विफलता को दर्शाता है।

Related Posts
IMD Warning : कई राज्यों में 3 जुलाई तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट
राम मंदिर चंदा विवाद : छुटभैयों को गिरफ्तार कर असली दोषियों को बचा रही है सरकार : अरविंद केजरीवाल
प्यार, धोखा, साजिश और मर्डर… जानें सिया-चेतन की Lovestory की खौफनाक दास्तान