July 6, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

नागपुर में निवेश के नाम पर 75 लाख की ठगी, मुनाफे का झांसा देकर लगाई चपत

नागपुर जिले (महाराष्ट्र) में म्यूचुअल फंड सहित विभिन्न योजनाओं में पैसा निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर महिला सहित 2 लोगों के साथ 74.98 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। गिट्टीखदान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में समीर इकबाल अब्दुल हमीद पांडे, सुलताना समीर इकबाल पांडे, शुभम नानकबुआ चुटेलकर, अंकित पंजाबराव इंगले और एक पोल्ट्री फार्म संचालक का समावेश है। पटेलनगर, गिट्टीखदान निवासी मालती आमिर अंसारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

निवेश का झांसा देकर 75 लाख की ठगी
मालती बोरगांव परिसर में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। आरोपी समीर फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक्सिस बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर था। इसी दौरान उसकी मालती से पहचान हुई। पांडे ने उन्हें म्यूचुअल फंड और बैंक की विभिन्न योजनाओं में निवेश करने पर भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने मालती, उनके बेटे और बेटी के खातों से 30.98 लाख रुपये अपने साथियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए।
उसने ऑनलाइन पॉलिसी जारी करने का दावा किया लेकिन कोई दस्तावेज नहीं दिए। शक होने पर मालती ने जांच कराई तो पता चला कि कोई पॉलिसी ली ही नहीं गई थी। इसी तरह एक वृद्ध के साथ भी धोखेबाजी की गई। पांडे ने फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी सुभाष विद्यासागर अग्रवाल को भी निवेश का झांसा देकर 44 लाख रुपये की चपत लगाई।

दोनों मामलों में कुल ठगी की रकम 74.98 लाख रुपये बताई गई है। समीर पांडे ने अपने साथियों की मदद से पहले मानकापुर निवासी भगवान महामुनी से 23 लाख रुपये की ठगी की थी। उस मामले में वह गिरफ्तार भी किया गया था। फिलहाल वह जेल में बंद है। गिट्टीखदान पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी।

महिला के साथ 30 लाख की धोखाधड़ी
इसी तरह की एक धोखाधड़ी का मामला सीताबर्डी वाना क्षेत्र में भी सामने आया। महिला को म्यूचुअल फंड में निवेश के नाम पर 30 लाख रुपये की चपत लगाई गई। पुलिस ने गोकुलपेठ निवासी लेखा राजकुमार हिंगोरानी (60) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।

आरोपियों में गौतमनगर, खडगांव रोड निवासी रोमी रमेश रामटेके और चिंतामननगर, हजारी पहाड़ निवासी सुष्मिता गौतम का समावेश है। अपने पड़ोसी के कहने पर उन्होंने अविशा इंडिया म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड कंपनी के रोमी से संपर्क किया। रोमी के साथ कंपनी की मैनेजर सुष्मिता ने अपनी म्यूचुअल फंड स्कीम के बारे में बताया, निवेश पर हर महीने ब्याज और 3 वर्ष बाद पूरी रकम वापस मिलने का झांसा दिया गया। फरवरी 2023 में लेखा ने आरोपियों के पास 30 लाख रुपये निवेश किए, आरोपियों ने उन्हें मैच्योरिटी का प्रमाणपत्र भी दिया था। फरवरी 2024 तक आरोपियों ने हर माह उन्हें प्रश मुनाफा दिया, इसके बाद और पैसे देने से इनकार कर दिया, लेखा ने मामले की शिकायत सीताबर्डी पुलिस से की। इस मामले में सीताबर्डी पुलिस ने रोमी रमेश रामटेके (गौतमनगर, लावा) और सुष्मिता गौतम (चिंतामननगर, हजारी पहाड़) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, रोमी अविषा इंडिया म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड नामक कंपनी चलाता है, जबकि सुष्मिता उसकी प्रबंधक है।

Spread the love