देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरी रफ्तार पकड़ ली है। भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने के कारण कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र : सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य

महाराष्ट्र में मानसून ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। रायगढ़ जिले के जेनिथ वाटरफॉल में अचानक पानी का स्तर बढ़ने से 100 पर्यटक फंस गए, जिन्हें रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला गया। मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं से 64 पेड़ गिर गए तथा 8 मकानों की दीवारें ढह गईं। अलग-अलग घटनाओं में पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मानखुर्द में एक 3 मंजिला चॉल का हिस्सा गिरने से 6 लोगों की मौत हुई। कुर्ला में एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आरे कॉलोनी में पेड़ की टहनी गिरने से 18 वर्षीय बाइक सवार युवक की जान चली गई। नवी मुंबई के सीबीडी बेलापुर में भूस्खलन हो गया। नालासोपारा में सड़कों पर पानी भरने से 20 कारें डूब गईं। पुणे के कात्रज में सोसाइटी की दीवार गिरने से 7 कारें और 7 बाइक दब गईं। पुणे, ठाणे और पालघर में सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहे। मुंबई एयरपोर्ट पर 4 इंडिगो उड़ानें रद्द हुईं और 13 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं।
कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
गुजरात : जलभराव और नदी उफान
गुजरात के जूनागढ़ में कई इलाकों में 4 फीट तक पानी भर गया, सड़कों पर नाव चलानी पड़ी। भावनगर में एक कार पानी में बह गई। अमरेली जिले के राजुला में धातरवाडी-2 डैम के 20 गेट खोल दिए गए, जिससे नदी उफान पर आ गई। राज्य के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा
बिहार नदी कटाव और घर बह गए : बिहार में कोसी नदी में अचानक पानी बढ़ने से खगड़िया जिले के शिशवा गांव में 6 घर नदी में समा गए। कई अन्य मकान कटाव के मुहाने पर हैं। राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा है। चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जम्मू-कश्मीर के सांबा में बसंतर नदी में फंसे 5 लोगों को पुलिस और SDRF ने बचाया।
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। अगले 2-3 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री गिर सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10-11 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है।
छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश : अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट।
कर्नाटक, केरल : तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और 50-60 किमी/घंटा तेज हवाएं।
पूर्वोत्तर राज्य (असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर आदि) : लगातार भारी बारिश।
झारखंड, राजस्थान, तेलंगाना : भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट।
समुद्री अलर्ट
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं (45-55 किमी/घंटा, झोंके 65 किमी/घंटा तक) चलने की संभावना है। महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और केरल के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें, बिजली गिरने के समय खुले में न निकलें, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे न खड़े हों। हमेशा IMD और स्थानीय प्रशासन के अलर्ट पर नजर रखें।

Related Posts
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्रॉस कर भारत आ रहे उर्वरक से लदे 15 जहाज
Make in India और Vocal for Local केवल नारे बनकर रह गए : राहुल गांधी
तीन देशों की यात्रा पर PM मोदी, बहुआयामी साझेदारी को मिलेंगे नए अवसर