आंध्र प्रदेश के YSR कडप्पा जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। पूरे जिले में हाल के दिनों में COVID-19 के 8 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि संक्रमण से दो मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके बाद प्रशासन ने टेस्टिंग, निगरानी और संक्रमण रोकने की तैयारियां तेज कर दी हैं।
भारत में अभी केवल तीन राज्यों में ही सक्रिय कोरोना मामले सामने आए हैं, जिनकी कुल संख्या 10 बताई जा रही है। महाराष्ट्र के मुंबई में भी एक मामला सामने आया है। यहां बॉलीवुड गायक कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मिली है। वहीं, उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) के एक छात्र की कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
उधर, स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, राजमपेट क्षेत्र के रहने वाले 52 वर्षीय एक व्यक्ति में बुखार और खांसी जैसे लक्षणों के बाद COVID-19 संक्रमण की पुष्टि हुई थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, कडप्पा के एक 43 वर्षीय व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। बाद में COVID-19 ICU में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इसके अलावा, कडप्पा मेडिकल कॉलेज के 25 वर्षीय मेडिकल छात्र में भी संक्रमण पाया गया है। फिलहाल उनका इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है और स्वास्थ्य विभाग उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट
नए मामलों के बाद जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में Rapid Response Teams तैनात कर दी हैं। स्वास्थ्य कर्मियों ने करीब 40 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनमें से 18 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि बाकी सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण के प्रकार और इसके फैलाव को समझने के लिए मरीजों के सैंपल Genome Sequencing के लिए पुणे की प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
अस्पतालों और पब्लिक प्लेस पर सावधानी के निर्देश
जिला परिषद की बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में फिलहाल आठ COVID-19 एक्टिव केस हैं। इसके बाद राज्य सरकार ने पूरे आंध्र प्रदेश में स्वास्थ्य तैयारियों को लेकर अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश की जिला प्रभारी मंत्री सविता ने जिला कलेक्टर CH श्रीधर और जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (DM&HO) रवि बाबू से बातचीत कर संक्रमण को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में COVID-19 Guidelines का पालन सख्ती से कराने, लोगों को जागरूक करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने को बढ़ावा देने के लिए कहा है।
लक्षण वाले लोगों की पहचान पर जोर
स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण वाले लोगों की पहचान की जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें आइसोलेशन सेंटर भेजा जाए और संक्रमित मरीजों के परिवार के सदस्यों की भी तुरंत जांच कराई जाए। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में सफाई अभियान तेज कर दिया है। संक्रमण के खतरे को कम करने के लिए सैनिटाइजेशन और ब्लीचिंग का काम भी किया जा रहा है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे COVID-19 को लेकर घबराएं नहीं, लेकिन सावधानी जरूर रखें। लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और कोरोना जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Related Posts
अमेरिका-ईरान तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उछाल; भारत पर कितना पड़ेगा असर?
ज्ञानवापी मामले में सुप्रीम कोर्ट की हिंदू-मुस्लिम पक्ष से अपील, बातचीत से निकालें समाधान
ईरान ने ओमान तट पर भारतीय नाविकों वाले जहाज पर किया हमला, भारत का कड़ा विरोध