July 16, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

रेलवे ने लॉन्च किया नया पोर्टल, टिकट बुक करते समय अब नहीं होगी माथापच्ची

नई दिल्ली। रेलवे मंत्रालय ने IRCTC की नई और बदली हुई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है. नए पोर्टल को ज्यादा साफ, तेज और आसान बनाया गया है, ताकि यात्रियों को टिकट बुक करते समय कम परेशानी हो. फिलहाल यात्री नए प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं और अपना फीडबैक दे सकते हैं.

टिकट बुकिंग में अब क्या होगा आसान?
नई वेबसाइट में उन चीजों को हटाया गया है, जो टिकट बुक करते समय यूजर्स का समय लेती थीं या ध्यान भटकाती थीं. रेलवे ने बुकिंग प्रोसेस को कम स्टेप्स वाला बनाने की कोशिश की है.

नई वेबसाइट पर यात्रियों को ये सुविधाएं मिलेंगी:

  1. अनावश्यक कैप्चा हटाए गए हैं.
  2. पॉप-अप्स और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स कम किए गए हैं.
  3. इंटरफेस को पहले से ज्यादा सिंपल बनाया गया है.
  4. टिकट बुकिंग प्रोसेस को तेज किया गया है.
  5. चेकआउट के स्टेप्स कम किए गए हैं.
  6. अब सभी ट्रैवल क्लासेस में सीट अवेलेबिलिटी एक साथ देखी जा सकेगी.
  7. सेव्ड पैसेंजर डिटेल्स को बेहतर तरीके से जोड़ा गया है, जिससे बार-बार यात्रा करने वालों के लिए टिकट बुक करना आसान होगा.
  8. यानी अगली बार टिकट बुक करते समय यात्रियों को कम क्लिक्स और कम स्टेप्स में काम पूरा करने की सुविधा मिल सकती है.

नई वेबसाइट का आइडिया किसने दिया?
IRCTC की नई वेबसाइट को बेहतर बनाने में छात्रों के सुझावों की भी भूमिका रही है. पिछले महीने रेलवे मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने जयपुर में मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT) के छात्रों से बातचीत की थी.

इस दौरान छात्रों ने वेबसाइट के डिजाइन, फंक्शनैलिटी और ओवरऑल यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए थे. इसी बातचीत के बाद वैष्णव ने नए प्लेटफॉर्म को 15 जुलाई तक लाने की बात कही थी.

रोज 14.5 लाख टिकट बुक होते हैं
साल 2002 में शुरू हुआ IRCTC का मौजूदा प्लेटफॉर्म आज देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन पब्लिक सर्विस पोर्टल्स में से एक है. रेलवे के मुताबिक, इस पर रोजाना औसतन 14.5 लाख टिकट बुक होते हैं. यही वजह है कि वेबसाइट में बदलाव करते समय रेलवे इसे धीरे-धीरे आगे बढ़ा रहा है. फिलहाल लॉन्च किया गया वर्जन बीटा है. इस दौरान यात्रियों के फीडबैक के आधार पर इसमें और सुधार किए जाएंगे.

IRCTC के साथ रिजर्वेशन इंजन भी होगा अपग्रेड
रेलवे सिर्फ वेबसाइट का डिजाइन नहीं बदल रहा है. ट्रेन टिकट बुकिंग को चलाने वाले पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी आधुनिक बनाया जा रहा है. यह एक कोर सिस्टम है, जो अलग-अलग एप्लिकेशंस के जरिए होने वाली ट्रेन टिकट बुकिंग को सपोर्ट करता है. रेलवे इस पूरे अपग्रेड को इस तरह कर रहा है कि रोजाना की टिकट बुकिंग सर्विसेज पर असर न पड़े.

अपग्रेड किया गया पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन जल्द लॉन्च होने की उम्मीद है और इसे नए IRCTC पोर्टल के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा.

रेलवे ने यात्रियों से बीटा फेज के दौरान अपने फीडबैक और सजेशंस देने की अपील की है. इन सुझावों की मदद से नेशनवाइड रोलआउट से पहले नई IRCTC वेबसाइट को और बेहतर बनाया जाएगा.

Spread the love