July 27, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

एनकाउंटर में ढेर हुआ बर्लिन में वैन से भीड़ को रौंदने वाला अब्दुल, IS से जुड़े थे तार

Udaan Desk. जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शनिवार रात को हुए भीषण हमले के बाद सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। प्राइड परेड के पास वैन से भीड़ को रौंदने वाले मुख्य संदिग्ध अब्दुल बल्लूट को पुलिस ने रविवार को एक मुठभेड़ में मार गिराया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मुठभेड़ हमले के लगभग 24 घंटे बाद बर्लिन के बाहरी इलाके में हुई। आरोपी पर आरोप था कि उसने जानबूझकर लोगों की भीड़ पर वैन चढ़ा दी थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और 29 अन्य लोग घायल हो गए।

जांच में सामने आया कि हमलावर लेबनानी मूल का जर्मन नागरिक था और वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहने के कारण सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर था।

इस्लामी आतंकी साजिश
जर्मनी के गृह मंत्री अलेक्जेंडर डोब्रिंट ने इस पूरी घटना को इस्लामी आतंकी हमला करार दिया है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अब्दुल बल्लूट राजधानी बर्लिन में सक्रिय कट्टरपंथी और चरमपंथी समूहों से जुड़ा हुआ था।

इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार उसने पूर्व में आतंकवादी संगठन ‘इस्लामिक स्टेट’ (IS) में शामिल होने का प्रयास भी किया था। गृह मंत्री ने बताया कि संदिग्ध पहले भी बर्लिन में किसी मामले में दोषी ठहराया जा चुका था।

टियरगार्टन पार्क में मचाया था तांडव
खौफनाक वारदात शनिवार रात करीब 10 बजे की है, जब एक सफेद रंग की वैन अचानक टियरगार्टन पार्क के भीतर घुस गई। यह स्थान उस मार्ग के बेहद करीब था जहां से प्राइड मार्च गुजरा था। वैन ने अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारनी शुरू कर दी और अंत में एक पेड़ से जा टकराई।

इस हमले में घायल हुए 29 लोगों में से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव कार्यों के लिए मौके पर 2,200 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

Spread the love