July 29, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

RSS से जुड़े जगदीश आफले बने राम मंदिर ट्रस्ट के नए सचिव

Udaan Desk. अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी के विवाद के बाद राम मंदिर ट्रस्ट ने नया सचिव चुन लिया है। मंदिर निर्माण के प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम कर रहे पेशे से इंजीनियर जगदीश आफले को पहला सचिव नियुक्त किया गया है। सीईओ की नियुक्ति में हो रही देरी को देखते हुए ट्रस्ट ने सचिव का नया पद सृजित कर आफले को यह जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि उनकी नियुक्ति को औपचारिक मंजूरी 2 सितंबर को मिलेगी, जब ट्रस्ट की अगली बैठक होगी।

जगदीश अफले को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के लिए नया अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति का प्रस्ताव स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को भेजा गया है। चंदे की चोरी के आरोपों के बाद यह मामला एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया था। काफी अटकलों के बाद, महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।

कौन हैं राम मंदिर ट्रस्ट के नए सचिव जगदीश आफले?
राम मंदिर ट्रस्ट के नए सचिव जगदीश आफले महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले ​हैं। वे बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं। पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर, जगदीश आफले लंबे समय से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण परियोजना से जुड़े रहे हैं। मंदिर का निर्माण शुरू होने पर उन्होंने बिना कोई सैलरी लिए प्रोजेक्ट मैनेजर की जिम्मेदारी संभाली थी। अब उन्हें ट्रस्ट का पहला सचिव नियुक्त किया गया है।

सीईओ नियुक्ति पर अभी समय
जगदीश आफले के सचिव बनने होने के बाद, अब ट्रस्ट की एग्जीक्यूटिव बॉडी को एक चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और एक प्रवक्ता नियुक्त करना है। प्रवक्ता की नियुक्ति की प्रक्रिया अभी आखिरी दौर में है और जल्द ही नाम की घोषणा की जा सकती है। CEO के चयन के बारे में, अंतरिम जनरल सेक्रेटरी कृष्ण मोहन ने कहा कि इस प्रक्रिया में समय लगेगा। इसलिए, सेक्रेटरी का नया पद बनाया गया।

Spread the love