September 2, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

Business Idea : 250 रुपए का ये पौधा लगाइए और 50 साल तक पैसे कमाइए!

 

Udaan Desk. महंगाई के इस दौर में अगर कोई आपसे कहे कि सिर्फ एक बार 250 रुपए खर्च करके आप अगले 50 सालों तक पैसे कमा सकते हैं, तो क्या आप यकीन करेंगे? सुनने में यह किसी लॉटरी जैसा लगता है, लेकिन यह कोई स्कीम नहीं, बल्कि बेहद स्मार्ट और प्रैक्टिकल ‘टेरेस फार्मिंग’ यानी छत पर खेती का बिजनेस है। हम बात कर रहे हैं बाजार में महंगे बिकने वाले फल कीवी (Kiwi) की। अक्सर लोगों को लगता है कि खेती या फार्मिंग के लिए गांव में बीघे भर जमीन होनी चाहिए। लेकिन आज हम आपको एक ऐसा सॉलिड बिजनेस आइडिया बताने जा रहे हैं, जिसे आप अपनी शहर की खाली छत और कुछ गमलों के साथ शुरू कर सकते हैं और अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।

कीवी का पौधा ही क्यों लगाएं?
कीवी को आमतौर पर एक महंगे और पोषक फलों में गिना जाता है। इसमें विटामिन C, विटामिन K, फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। यही वजह है कि शहरों में इसकी मांग बनी रहती है। जब भी सीजन बदलता है या डेंगू-टाइफाइड जैसी बीमारियां फैलती हैं, तो डॉक्टर सबसे पहले मरीजों को कीवी खाने की सलाह देते हैं। ये प्लेटलेट्स बढ़ाने के सबसे बड़े सोर्स में से एक माना जाता है। मार्केट में इसकी काफी ज्यादा डिमांड रहती है और ये आसानी से 300 से 400 रुपए प्रति किलो या बॉक्स बिकता है। ऐसे में खुद कीवी उगाकर बेचना एक फुल-प्रूफ बिजनेस माना जाता है।

कितनी है लागत?
इस बिजनेस को शुरू करने के लिए आपको लाखों की जरूरत नहीं है। किसी भी अच्छी सर्टिफाइड नर्सरी में हाइब्रिड (ग्राफ्टेड) कीवी का पौधा 200 से 250 रुपए के बीच आसानी से मिल जाता है। कीवी की जड़ें फैलती हैं, इसलिए आपको घर की छत पर उगाने के लिए 18 इंच का बड़ा गमला लेना है।

छत पर कैसे शुरू करें सेटअप?

  1. गमले की मिट्टी हल्की रखें। नॉर्मल मिट्टी में धान की भूसी, सूखे पत्तों की खाद, थोड़ा कैल्शियम पाउडर और नीम की खली मिला लें। इससे मिट्टी में पानी नहीं रुकेगा और जड़ें नहीं सड़ेंगी।
  2. ये एक बेल है, इसलिए पहले साल इसे बिल्कुल टेढ़ा न होने दें। गमले में एक बांस गाड़ दें या छत पर जाल (Net) लगा दें ताकि बेल सीधी ऊपर चढ़ सके।
  3. जुलाई-अगस्त की बारिश या जनवरी-फरवरी का टाइम इसे लगाने के लिए एकदम बेस्ट है।
  4. महंगे केमिकल वाली खाद की जरूरत नहीं है। महीने में एक बार मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें और घर की बची हुई छाछ या गोबर की खाद डाल दें।

कितना और कब तक होगा मुनाफा?

  1. शुरू के ढाई से तीन साल आपको इस पौधे की देखभाल करनी होगी।
  2. तीन साल बाद जब इसमें फल आना शुरू होंगे, तो यह पौधा आपको अगले 50 सालों तक लगातार फल दे सकता है।
  3. एक अच्छे तैयार पौधे से सालभर में 10 किलो तक कीवी आराम से मिल जाते हैं।
  4. अगर आपके पास 5-6 पौधे हैं, तो आप घर बैठे-बैठे हर सर्दियों में ताजे फल लोकल मार्केट, जूस कॉर्नर या अपनी सोसाइटी में अच्छे रेट पर बेच सकते हैं।

कीवी के पौधे बेचकर भी कर सकते हैं कमाई
अगर आपके इलाके का मौसम कीवी के लिए सही है, तो आप एक छोटी नर्सरी सेटअप से शुरुआत कर सकते हैं। आप शुरुआत में कुछ पौधों से मदर प्लांट्स (Mother Plants) तैयार कर सकते हैं और अपनी जरूरत के हिसाब से प्रचार(Propagation) की तकनीक सीख सकते हैं। आगे चलकर तैयार पौधों को किसानों, होम गार्डेनर और दूसरी नर्सरियों को बेचा जा सकता है। इसके लिए जमीन का बहुत बड़ा टुकड़ा जरूरी नहीं है। शुरुआत में कुछ पौधों को सही गमलों या नर्सरी बैग्स में में तैयार किया जा सकता है। बाद में बड़े स्तर पर काम शुरू कर सकते हैं।

किन चीजों की पड़ेगी जरूरत

  • अच्छी क्वॉलिटी के कीवी मदर प्लांट्स
  • नर्सरी बैग्स या गमले
  • हल्की और अच्छी ड्रेनेज वाली मिट्टी
  • कंपोस्ट और ऑर्गेनिक खाद
  • पानी की व्यवस्था
  • बेल के लिए सपोर्ट
  • छंटाई वाले टूल्स
  • पौधों की पहचान के लिए लेबल्स

कीवी की हर किस्म हर जगह नहीं चलेगी
कीवी को ठंडे और पहाड़ी मौसम वाली जगहों में बेहतर तरीके से उगाया जाता है। जिन इलाकों में लंबे समय तक ज्यादा गर्मी रहती है, वहां पौधे को संभालना मुश्किल हो सकता है। इसलिए सिर्फ यह देखकर पौधे न खरीद लें कि बाजार में कीवी महंगा बिकता है। पहले अपने इलाके का मौसम देखें। अगर आप मैदानी या गर्म इलाके में हैं, तो लोकल बागवानी एक्सपर्ट या भरोसेमंद नर्सरी से पूछें कि आपके क्षेत्र में कौन-सी वैरायटी सही हो सकती है।

ध्यान दें : यह आर्टिकल सामान्य जानकारी और और जागरूकता के लिए लिखा गया है। बाजार में कीवी के पौधों की कीमत, फलों के दाम और पैदावार, अलग-अलग मौसम और स्थान के अनुसार बदल सकती है। खेती से जुड़ा कोई भी नया व्यवसाय (Business) शुरू करने या निवेश करने से पहले किसी कृषि विशेषज्ञ (Agriculture Expert) या नर्सरी से सलाह जरूर लें। इसके अलावा, बीमारियों जैसे डेंगू या टाइफाइड में कीवी का सेवन करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

Spread the love