September 3, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

सोरेन सरकार ने मानी छात्रों की मांग : JSSC CGL परीक्षा रद्द, TDPL के जरिए हुईं सभी भर्तियां भी कैंसल

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने सोमवार को लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्रों को मनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. राज्य सरकार ने जेएसएससी सीजीएल (कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल) परीक्षा के साथ-साथ टीडीपीएल (TDPL) एजेंसी द्वारा आयोजित की गई अन्य सभी भर्ती परीक्षाओं को रद्द (Cancel) करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है. प्रोजेक्ट भवन में आयोजित बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद मीडिया से बातचीत करते हुए इसकी आधिकारिक घोषणा की. इधर, जैसे ही परीक्षा रद्द करने का ऐलान हुआ तो रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे सैकड़ों छात्रों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई.

टीडीपीएल द्वारा ली गई सभी परीक्षाएं रद्द
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह भी जानकारी दी कि सिर्फ सीजीएल परीक्षा ही नहीं बल्कि टीडीपीएल एजेंसी द्वारा ली गई सभी परीक्षाएं रद्द होंगी. भले ही उसकी चयन प्रक्रिया पूरी ही क्यों न हो हो गई हो. साथ ही सीजीएल परीक्षा में हुई गड़बड़ी की जांच होंगी. प्रेस वार्ता में सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे युवा अलग-अलग खेमों में बंटे नहीं हैं, वे सभी हमारे राज्य के नौजवान हैं और सरकार हमेशा उनके हितों के साथ खड़ी है. मैं खुद हमेशा छात्र के हित के पक्ष में रहा हूं.

परीक्षा में सुधारों के लिए होगा उच्चस्तरीय कमेटी का गठन
सीएम हेमंत सोरेन ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए अपना प्लान भी बताया. उन्होंने कहा कि जेएसएससी और जेपीएसएसी में सुधार के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अमिताभ कौशल के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा. ये कमेटी प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और आवश्यक परीक्षा सुधारों (Exam Reforms) के लिए अपनी सिफारिशें और दिशा-निर्देश तैयार करेगी. मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि उनकी सरकार युवाओं के भविष्य के खिलवाड़ को रोकने और उनके भरोसे को कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है.

Spread the love