September 11, 2026

Udaan Publicity

The Voice of Democracy

आदर्श नगर के रूप में विकसित होगा अयोध्या नगर : राज्यमंत्री श्रीमती गौर

गोविंदपुरा में 1.43 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन

भोपाल। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कलयाण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविन्दपुरा में विकास कार्यों का भूमि-पूजन करते हुए कहा कि नागरिकों को सर्वसुविधायुक्त वातावरण प्रदान करना तथा अयोध्या नगर को एक ‘आदर्श नगर’ के रूप में स्थापित करना सरकार का संकल्प है। विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा और वर्षाकाल में जलभराव से होने वाली समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी।

इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 68 स्थित अयोध्या नगर में लगभग 1.43 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न अवसंरचनात्मक एवं नागरिक सुविधा संबंधी विकास कार्यों का भूमि- पूजन किया।

इन निर्माण कार्यों में मुख्य रूप से उच्च गुणवत्ता युक्त सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) सड़कों का निर्माण, सुदृढ़ आरसीसी नालियों का विस्तार, पेविंग ब्लॉक आच्छादन तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों का जीर्णोद्धार शामिल है।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गौर ने अयोध्या नगर के ‘जी’ सेक्टर में 34 लाख रूपये तथा ‘एल’ सेक्टर में 42 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाली सीसी सड़कों का शिलान्यास, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘के’ सेक्टर में रोटरी से इसरो नाले तक 33 लाख रूपये तथा ‘द होम्स’ से ‘अभिनव होम्स फेस-4’ तक 9 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाली आरसीसी नालियों का भूमि-पूजन एवं वर्धमान ग्रीन में 11 लाख रूपये की लागत से सीसी सड़क एवं संतोषी बिहार में 14 लाख रूपये की लागत से सड़क, नाली, पेविंग ब्लॉक तथा कम्युनिटी हॉल की छत के मरम्मत कार्यों का शुभारंभ किया।

Spread the love